The Lallantop

ट्रंप ने ईसा मसीह से की खुद की तुलना, ईशनिंदा का आरोप लगा तो वीडियो किया डिलीट

वाइट हाउस में मुस्कुराते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने कहा कि लोग अब उन्हें राजा कहते हैं. मौके पर मौजूद लोगों ने भी सहमति में सिर हिलाया और खुश होकर तालियां बजाईं. सोशल मीडिया पर जब घटना का वीडियो वायरल हुआ तो लोगों ने आपत्ति जताई और इसे ‘ईशनिंदा’ करार दिया.

Advertisement
post-main-image
यह वीडियो वाइट हाउस की वेबसाइट से हटा दिया गया है. (फोटो: इंडिया टुडे)

इस बार अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने खुद की तुलना ईसा मसीह से की है. वाइट हाउस में मुस्कुराते हुए ट्रंप ने कहा कि लोग अब उन्हें राजा कहते हैं. मौके पर मौजूद लोगों ने भी सहमति में सिर हिलाया और खुश होकर तालियां बजाईं. बची खुची कसर वाइट हाउस की आध्यात्मिक गुरू ने पूरी कर दी. उन्होंने ट्रंप के करियर की तुलना ईसा मसीह की मृत्यु और उनके फिर से जीवित होने (पुनरुत्थान) की घटना से की. कहा कि ट्रंप जिस भी काम में हाथ डालेंगे, उसमें विजयी होंगे. सोशल मीडिया पर जब घटना का वीडियो वायरल हुआ तो लोगों ने आपत्ति जताई और इसे ‘ईशनिंदा’ करार दिया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार, 1 अप्रैल को वाइट हाउस में ईस्टर लंच के दौरान डॉनल्ड ट्रंप ने 'पाम संडे' का जिक्र किया. पाम संडे ईसाइयों का एक प्रमुख त्योहार है जो ईस्टर (Easter) से ठीक पहले वाले रविवार को मनाया जाता है. ट्रंप ने मुस्कुराते हुए आगे कहा,

“पाम संडे के दिन, यीशु यरूशलेम में दाखिल हुए और भीड़ ने उनका स्वागत किया, उन्हें राजा के रूप में सम्मान दिया. अब लोग मुझे राजा कहते हैं. क्या आप इस पर यकीन कर सकते हैं?”

Advertisement

वाइट हाउस की आध्यात्मिक गुरू पाउला वाइट-केन ने भी ट्रंप की बातों को दोहराया. उन्होंने धार्मिक नेताओं की मौजूदगी में ट्रंप के करियर की तुलना ईसा मसीह की मृत्यु और पुनरुत्थान से कर दी. उन्होंने कहा,

“मैं बस यह विचार साझा करना चाहती थी और राष्ट्रपति ट्रंप के लिए प्रार्थना करना चाहती थी. यीशु ने अपनी मृत्यु, दफनाए जाने और पुनरुत्थान के जरिए हमें कई सबक सिखाए. उन्होंने हमें बेहतरीन नेतृत्व का उदाहरण दिखाया. बड़े बदलाव के लिए बड़े बलिदान की जरूरत होती है.”

Advertisement

उन्होंने आगे कहा, 

“और मिस्टर प्रेसिडेंट, किसी ने भी वह कीमत नहीं चुकाई है जो आपने चुकाई है. इसमें लगभग आपकी जान ही चली गई थी. आपके साथ विश्वासघात हुआ, आपको गिरफ़्तार किया गया और आप पर झूठे आरोप लगाए गए. यह वही जाना-पहचाना सिलसिला है जो हमारे प्रभु और मुक्तिदाता ने हमें दिखाया था. लेकिन उनके लिए भी यह सिलसिला यहीं खत्म नहीं हुआ था, और आपके लिए भी यह यहीं खत्म नहीं हुआ है.” 

पाउला वाइट-केन ने ये बातें ट्रंप पर 2024 में हुए जानलेवा हमले का जिक्र करते हुए कहीं. हालांकि यह वीडियो वाइट हाउस की वेबसाइट से हटा दिया गया है, लेकिन कई लोगों ने इसकी रिकॉर्डिंग पहले ही वायरल कर दी. वाइट-केन के इस बयान की बहुत आलोचना हुई और कई लोगों ने इसे ‘ईशनिंदा’ करार दिया.

रेवरेंड बेंजामिन केरेमर ने ‘X’ पर लिखा, "यह ईशनिंदा है. यहां पर जीसस का नाम लेना सही नहीं है."

Donald Trump compares himself to Jesus
(फोटो: X)

डेमोक्रेटिक नेशनल कमिटी के वाइस-चेयर मैल्कम केन्याटा ने जवाब में बाइबल का हवाला दिया, 

"मेरे अलावा तुम्हारा कोई और ईश्वर नहीं होगा. तुम अपने लिए कोई तराशी हुई मूर्ति नहीं बनाओगे. तुम उनके आगे न तो झुकोगे और न ही उनकी सेवा करोगे.(एक्सोडस 20:3-5)"

कंजर्वेटिव कमेंटेटर एरिक एरिक्सन ने लिखा, 

"वाह, पाउला वाइट की यह क्लिप ईसाई समुदाय में बहुत ही बुरे तरीके से फैल गई है. इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है कि वाइट हाउस ने यूट्यूब से वह वीडियो हटा दिया."

ये भी पढ़ें: डॉनल्ड ट्रंप की जीत की पूरी कहानी!

लेखक और प्रोफेसर इसाक बेली ने आगे कहा, 

"एक जन्मजात ईसाई होने के नाते, यह दुखद और गुस्सा दिलाने वाला है. लेकिन बिल्कुल भी हैरानी की बात नहीं है. इनमें से बहुत से लोग सचमुच ट्रंप की पूजा ऐसे करते हैं, मानो वह जीसस हों. इसीलिए वह 'फिफ्थ एवेन्यू पर किसी को गोली मार सकते हैं,' क्योंकि ईश्वर जो कुछ भी करता है, वह सही ही होता है. और उनकी नजर में, ट्रंप ही भगवान हैं."

खबर लिखे जाने तक वाइट हाउस की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

वीडियो: दुनियादारी: ईरान को 'पाषाण युग' में ले जाने का ट्रंप का प्लान फेल हो गया?

Advertisement