The Lallantop

ट्रंप पर हुए हमले पर राहुल ने दुख जताया, BJP ने 'झूठा बयान' बता, कौन सा भाषण दिखा दिया?

Donald Trump पर हमले के बहाने BJP ने नेता विपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है. BJP IT CELL के चीफ अमित मालवीय ने उन पर पीएम मोदी के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है. आखिर मालवीय ने कहा क्या है?

Advertisement
post-main-image
अमित मालवीय (बायीं ओर) ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है. | फाइल फोटो: आजतक

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले की पूरी दुनिया में निंदा हो रही है. भारत के भी शीर्ष नेताओं ने इस हमले की निंदा की है. लेकिन इस हमले के बहाने भारत में राजनीति भी तेज हो गई है. भाजपा ने ट्रंप पर हुए हमले के प्रयास के बाद राहुल गांधी को निशाना बनाया है. और उन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

डोनाल्ड ट्रंप पर हमले के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसकी निंदा करते हुए एक्स पर लिखा,

‘मैं पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए जानलेवा हमले से बहुत चिंतित हूं. ऐसे कृत्यों की कड़ी निंदा की जानी चाहिए. मैं उनके शीघ्र और पूरी तरह से स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’

Advertisement

राहुल गांधी के इस पोस्ट पर बीजेपी आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने निशाना साधा है. मालवीय ने अपने एक्स हैंडल से राहुल गांधी के कुछ पुराने बयानों को जोड़कर तैयार की गई एक वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए लिखा,

‘ये शब्द कपटपूर्ण हैं. तीसरी बार असफल राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा दिया है और उसे उचित ठहराया है, जिनसे वे कई बार चुनाव हार चुके हैं. भारत कभी ये कैसे भूल सकता है कि कैसे पंजाब पुलिस ने, जो उस समय कांग्रेस के अधीन थी, जानबूझकर प्रधानमंत्री की सुरक्षा से समझौता किया था, जब उनके काफिले को फ्लाईओवर पर फंसा दिया गया था.’

डोनाल्ड ट्रंप पर हुए इस हमले पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि दुनिया भर में दक्षिणपंथी नेताओं को कट्टरपंथी वामपंथियों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है.

Advertisement

सरमा ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, 

'शारीरिक रूप से या दूसरे तरीके से, दुनियाभर में राइट विंग नेता अब कट्टरपंथी वामपंथियों के निशाने पर हैं. हालांकि ये हमले 'नेशन फर्स्ट' की विचारधारा को हरा नहीं पाएंगे.'

 

ये भी पढ़ें - हिन्दू वाले बयान को लेकर राहुल गांधी के समर्थन में आए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

अमित मालवीय के लगाए आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि आरएसएस एक ऐसा संगठन है जो नफरत फैलाता है. और कांग्रेस एक ऐसा संगठन है जो प्यार फैलाता है. हम सभी जानते हैं कि राहुल गांधी जी के परिवार के दो सदस्य राजनीतिक हिंसा का शिकार हुए हैं. हम सभी इस तरह की हिंसा के खिलाफ हैं.

उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी ने नफरत और हिंसा के खिलाफ 4000 किलोमीटर की पैदल यात्रा की है. और हमेशा मोहब्बत की दुकान के बारे में बात की है. इसलिए वे प्यार और स्नेह के पक्ष में हैं. उन्होंने दावा किया कि भाजपा की इस तरह की फर्जी खबरों की फैक्ट्री को हराया जाएगा. 

वीडियो: स्मृति ईरानी को ट्रोल करने वालों पर क्या बोले राहुल गांधी?

Advertisement