ईरान के खिलाफ जंग में अमेरिका को यूके और बाकी NATO देशों से मदद नहीं मिली. डॉनल्ड ट्रंप के लिए ये ऐसा सदमा है, जिसे वो भूल नहीं पा रहे हैं. अब वो उन देशों को ताना मार रहे हैं जिन्होंने उनकी मदद नहीं की. ब्रिटेन और फ्रांस जैसे देशों का तो नाम लेकर उन्होंने कटाक्ष किया है.
ट्रंप ने NATO देशों को 'जलाया', बोले- 'तेल नहीं है तो हमसे ले लो, दम है तो होर्मुज से ले आओ'
डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जंग में साथ न देने वाले देशों को ताना मारा है. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने लिए खुद लड़ना सीखना होगा क्योंकि अमेरिका हमेशा मदद के लिए मौजूद नहीं रहेगा.


मंगलवार, 31 मार्च को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान जंग में उनकी मदद न करने वाले जिन देशों को जेट फ्यूल नहीं मिल पा रहा है, वो या तो इसे अमेरिका से खरीदें. या हिम्मत जुटाकर होर्मुज स्ट्रेट में जाएं और फ्यूल लेकर आएं.
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान अब पूरी तरह कमजोर हो गया है. वहां जितना भी मुश्किल काम था, उन्होंने कर दिया है. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा,
होर्मुज की वजह से यूके (ब्रिटेन) जैसे जिन देशों को जेट फ्यूल नहीं मिल रहा है और जिन्होंने ईरान के खिलाफ कार्रवाई में हिस्सा नहीं लिया, उनके लिए मेरी सलाह है. पहली ये कि अमेरिका से फ्यूल खरीद लो. हमारे पास बहुत है. दूसरा, हिम्मत जुटाओ. खुद होर्मुज तक जाओ और अपना तेल ले लो. अब तुम्हें खुद लड़ना सीखना होगा. अमेरिका हर बार मदद के लिए नहीं आएगा. जैसे तुम हमारे लिए नहीं आए.
डॉनल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान पूरी तरह से कमजोर हो गया है. यानी जो काम मुश्किल था वो हो गया है. अब अपना तेल खुद लेकर आओ.
ट्रंप की पोस्ट में फ्रांस से भी नाराजगी दिखी. उन्होंने लिखा कि जहां तक फ्रांस की बात है, उसने सेना का सामान लेकर इजरायल जा रहे जहाज को अपने एयरस्पेस से गुजरने नहीं दिया था. उसने ‘ईरान के कसाई’ (Butcher of Iran) को मारने में अमेरिका की बिल्कुल भी मदद नहीं की. अमेरिका इसको याद रखेगा.
28 फरवरी को ईरान पर इजरायल के साथ मिलकर अमेरिका ने हमला किया था. तब से दोनों देशों के बीच जंग चल रही है. रुकने की गुंजाइश भी नहीं दिख रही. बीच-बीच में डॉनल्ड ट्रंप दावा करते हैं कि वो ईरान से बातचीत कर रहे हैं और युद्ध जल्द ही खत्म हो जाएगा. लेकिन इन सबके बावजूद अमेरिका के ईरान पर हमले भी नहीं रुक रहे.
मंगलवार को ही अमेरिका ने ईरान के एक परमाणु ठिकानों वाले शहर पर हमला कर दिया. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर हमले का एक वीडियो शेयर किया, जिसके साथ कोई कैप्शन नहीं था. माना जा रहा है कि ये इस्फहान पर हुए हमले का ही वीडियो है. हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
वीडियो: स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज से फोकस हटाकर ट्रंप जंग रोकने की बात क्यों करने लगे?


















