एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का जाना सदमे की तरह है. वो 34 बरस के थे. उन्होंने मुंबई के अपने फ्लैट में सुसाइड कर लिया. ये खबर सामने आने के बाद से ही लोग लगातार सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं. 'मिस्टर इंडिया' और 'बैंडिट क्वीन' जैसी फिल्मों के डायरेक्टर शेखर कपूर ने भी ट्वीट किया. सुशांत पर उन्होंने कल से अब तक तीन-चार ट्वीट किए हैं, लेकिन जो सबसे नया है उसमें उन्होंने कुछ ऐसा लिखा है, जो सबका ध्यान खींच रहा है. उन्होंने लिखा है कि वो ऐसे लोगों की कहानी जानते हैं, जिन्होंने सुशांत को निराश किया था. शेखर ने लिखा,
डायरेक्टर शेखर कपूर ने कहा - 'मैं उन लोगों की कहानी जानता हूं, जिन्होंने सुशांत को निराश किया'
शेखर ने बताया कि सुशांत उनके कंधे पर सिर रखकर रोया करते थे.


'मैं जानता था कि तुम किस दर्द से गुज़र रहे थे. मैं उन लोगों की भी कहानी जानता था जिन्होंने तुम्हें इतनी बुरी तरह निराश किया कि तुम मेरे कंधों पर सिर रखकर रोया करते थे. काश मैं पिछले छह महीनों में तुम्हारे पास होता. काश तुम मेरे से संपर्क करते. तुम्हारे साथ जो हुआ वो उनका कर्मा था, तुम्हारा नहीं.'
शेखर के इस ट्वीट पर लोगों के रिएक्शन भी तेज़ी से आ रहे हैं. एक यूज़र ने लिखा,
'सर बोलिए, आपकी आवाज़ बाकी लोगों को हिम्मत देगी. अगर आज आप नहीं बोले तो कल फिर आप किसी दूसरे 'सुशांत' के लिए अफसोस करेंगे.'
एक यूज़र ने लिखा,
'छह महीने, लंबा वक्त होता है शेखर जी. अगर आप सब जानते ही थे तो आपको उनसे संपर्क करना चाहिए था. इस ट्वीट के लिए और आपके नज़रिए के लिए अब बहुत देर हो चुकी है.'
इस तरह के कई सारे ट्वीट लोग कर रहे हैं. इस एक ट्वीट के कुछ ही देर पहले शेखर ने लिखा था,
'ज़िंदगी का सबक: यहां कोई भगवान नहीं है! उसने दावा किया था. मैंने कहा था 'हां, कोई नहीं है'. यहां केवल उम्मीद, लालसा, प्यार, तड़प, कृतज्ञता और दया है.'
14 जून को जब सुशांत के जाने की खबर आई थी, तब शेखर ने लिखा था,
'डियर सुशांत, तुम्हारे पास पेश करने के लिए बहुत कुछ था. शायद ये दुनिया तुम्हारे विश्वास के लायक नहीं थी. तुम्हें इस तरह नहीं जाना चाहिए था, लेकिन तुम एक युवा के शरीर में एक बुजुर्ग बुद्धिमान व्यक्ति की आत्मा थे. कई बार स्वर्ग इसे संभाल नहीं पाता.'
शेखर लगातार सुशांत के बारे में लिख रहे हैं. लोग उनसे इस बात की उम्मीद कर रहे हैं कि वो जो भी जानते हैं, सबको बताएं. दरअसल, सुशांत जल संकट को फोकस करती फिल्म 'पानी' में काम करने वाले थे, इसे शेखर गुप्ता ही डायरेक्ट कर रहे थे, लेकिन ये फिल्म बन नहीं पाई. इसके लिए सुशांत ने दो साल तक मेहनत की थी.
इधर, रिपोर्ट्स की मानें तो सुशांत की बहन ने अधिकारियों से बात की है. बताया है कि वो छह महीने से डिप्रेशन से जूझ रहे थे. शुरुआती जांच में भी यही बताया जा रहा है कि डिप्रेशन की वजह से सुशांत ने सुसाइड किया है.
वीडियो देखें: सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या के बाद पुलिस की प्राइमरी जांच में क्या-क्या सामने आया?



















