The Lallantop

प्रेग्नेंट कुतिया को पीट-पीटकर मारा, फील्ड में घसीटा, छात्रों का वीडियो वायरल

कई लोगों ने छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

Advertisement
post-main-image
कुतिया को मारते और घसीटते छात्र (फोटो- वीडियो स्क्रीनशॉट)

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान पहली क्लास में एक लाइन बताई जाती है- ‘When a dog bites a man, that is not a story; when a man bites a dog, that’s a story’. यानी जब कुत्ता एक आदमी को काटे तो वह न्यूज नहीं है लेकिन जब आदमी कुत्ते को काट ले तो वह एक स्टोरी है. बीते दिनों कुत्तों के काटने की कई घटनाएं सामने आई. खबरें बनी. इसलिए, क्योंकि कई मामले काफी गंभीर थे. अब ये खबर इसलिए लिखी जा रही है क्योंकि किसी व्यक्ति ने कुत्ते को काटा नहीं है बल्कि एक कुतिया को कथित रूप से बेरहमी से पीट-पीटकर मार दिया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना दक्षिणी-पश्चिमी दिल्ली की है. ओखला के डॉन बॉस्को टेक्निकल इंस्टीट्यूट के कुछ छात्रों पर आरोप लगा है कि उन्होंने एक गर्भवती कुतिया को पीट-पीटकर मार दिया. डेड बॉडी को फील्ड में घसीटते दिख रहे हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें कुछ छात्रों ने कुतिया को एक शेड में घेर रखा है. एक छात्र हाथ में डंडा लिए खड़ा दिख रहा है और बाकी उसे मारने के लिए उकसा रहे हैं.

छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने मामले में एक FIR दर्ज की है. समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, जानवरों की देखभाल करने वाली संस्था पीपल फॉर एनिमल्स (PMA) की अंबिका शुक्ला ने कहा कि छात्रों की इस क्रूरता को देखना भयानक है, गर्भवती कुतिया को पीटकर वे हंस रहे हैं.

Advertisement

अंबिका शुक्ला ने कहा, 

"इन छात्रों को कॉलेज से निष्कासित करना चाहिए और उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए. इंस्टीट्यूट के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि इसमें सिर्फ छात्र ही नहीं, यहां के स्टाफ भी शामिल थे."

शुक्ला ने कुछ स्टडीज के हवाले से बताया कि जानवरों के खिलाफ क्रूरता खतरनाक है क्योंकि इससे महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसा बढ़ती है. उन्होंने कहा कि कई स्टडीज में सामने आया है कि घरेलू हिंसा और बच्चों के खिलाफ हिंसा, जानवरों के खिलाफ हिंसा से जुड़ी हुई है.

Advertisement

कुछ दिन पहले गाजियाबाद से भी ऐसी घटना सामने आई थी. वहां तीन लोगों ने एक कुत्ते को मारकर लटका दिया था. शिकायत के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था. वहीं, 19 नवंबर को हैदराबाद में एक व्यक्ति को दो पपी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. उसने इस मारने की घटना का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया था.

वीडियो: घर में कुत्ता पालने से पहले कुछ नियम जानना जरूरी है

Advertisement