दिल्ली में आज 6 जनवरी को मेयर पद का चुनाव है. इस दौरान दिल्ली के MCD सदन में पार्षदों के बीच धक्का मुक्की हो गई. AAP और बीजेपी के सदस्य आपस में भिड़ गए हैं. पर्चे छीने गए और खूब शोर-शराबा हुआ (BJP AAP Councillors Clash Mayor Election Delhi). खबर है कि ये बवाल पीठासीन अधिकारी के फैसले को लेकर हो रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि वहां खूब हंगामा और चिल्लम-चिल्ली हुई. एक पार्षद दूसरे को कुर्सी उठाकर मारने दौड़ पड़े.
Video: दिल्ली मेयर चुनाव में भिड़े BJP-AAP पार्षद, छीना-झपटी हो गई
एक पार्षद दूसरे को कुर्सी उठाकर मारने दौड़ पड़े.


आजतक की रिपोर्ट के मुताबकि, एलजी वीके सक्सेना ने बीजेपी के दस पार्षदों को मनोनीत किया. AAP पार्षद इन मनोनीत सदस्यों को पहले शपथ दिलाने का विरोध कर रहे हैं. AAP सदस्यों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की. इसी दौरान AAP और बीजेपी पार्षदों में झड़प देखने को मिली.
चुनाव से पहले दिल्ली सरकार और उपराज्यपाल में बीच खटपट भी हुई. ये विवाद एलजी वीके सक्सेना द्वारा पीठासीन अधिकारी की नियुक्ति को लेकर हुआ. एलजी ने शुक्रवार, 6 जनवरी को होने वाले मेयर चुनाव के लिए बीजेपी की पार्षद सत्या शर्मा को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया. इस पर AAP ने आपत्ति जताई. पीठासीन अधिकारी का काम होता है मेयर का चुनाव करवाना. जबकि दिल्ली सरकार ने पीठासीन अधिकारी के लिए आम आदमी पार्टी के पार्षद मुकेश गोयल के नाम का प्रस्ताव उपराज्यपाल को भेजा था.
बता दें आम आदमी पार्टी के पास एमसीडी के सदन में बहुमत है, ये जानते हुए भी बीजेपी ने अपना मेयर उम्मीदवार उतारा है. वहीं, कांग्रेस ने चुनाव में वोटिंग से खुद को बाहर रखने का फैसला किया है. AAP ने मेयर पद के लिए शैली ऑबेरॉय तो बीजेपी ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है.
दिल्ली में शुक्रवार, 6 जनवरी को मेयर के चुनाव के साथ-साथ डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी के मेंबर्स भी चुने जाएंगे. इसके लिए बैलेट पेपर का कलर कोड तय किया जा चुका है.
दिल्ली केस अपडेट: बीजेपी नेता समेत पांचों आरोपी उस रात क्या-क्या कर रहे थे?



















