दिल्ली सेवा बिल (Delhi Service Bill) के राज्यसभा में पास होने को लेकर CM अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) नाराज हैं. उन्होंने बिल को लेकर BJP और PM मोदी पर जमकर निशाना साधा. आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुप्रीम कोर्ट का आदेश तक नहीं मानते. CM केजरीवाल ने कहा कि अब से दिल्ली में चुनाव तो होंगे लेकिन चुनी हुई सरकार के पास कोई शक्ति नहीं होगी. उन्होंने दिल्ली सेवा विधेयक को काला कानून बताया है.
"PM मोदी दिल्ली के चपरासी..."- संसद में पास हुआ दिल्ली सेवा बिल तो क्या बोले केजरीवाल?
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब से दिल्ली में चुनाव तो होंगे लेकिन चुनी हुई सरकार के पास कोई शक्ति नहीं होगी. उन्होंने दिल्ली सेवा विधेयक को काला कानून बताया है.


अरविंद केजरीवाल ने 7 अगस्त को कहा,
ये बिल दिल्ली के लोगों के बेबस, असहाय, लाचार और गुलाम बना देता है. अंग्रेजों ने एक कानून बनाया. गवर्नमेंट ऑफ इंडिया एक्ट. उसमें लिखा था कि भारत में चुनाव तो होंगे लेकिन सरकार के पास काम करने की पॉवर नहीं होगी. लेकिन फिर संविधान बना और उसमें लिखा गया कि सरकार को लोगों के लिए काम करने की आजादी होगी.
उन्होंने आगे कहा,
इस कानून ने दिल्ली के लोगों की आजादी छीन ली. दिल्ली में चुनाव तो होंगे लेकिन सरकार के पास कोई शक्ति नहीं होगी. अब दिल्ली के लोगों की वोट की कोई कीमत नहीं बची है.
वो बोले,
सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा कि भारत एक जनतंत्र है. प्रधानमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पलटा और उसके खिलाफ एक अध्यादेश लेकर आए. उसे अब कानून बना दिया गया है. कानून में लिखा है कि दिल्ली के लोग जो सरकार बनाएं, लेकिन इसे चलाएंगे LG और मोदी जी ही.
CM केजरीवाल ने दावा किया,
BJP हमसे से हार रही है. जब इन्हें लगा कि ये हमें नहीं हरा पाएंगे तो इन्होंने चोर दरवाजे से दिल्ली की सत्ता हथियाने की कोशिश की. दिल्ली के लोगों ने चिल्ला-चिल्लाकर कहा कि दिल्ली के काम में दखलअंदाजी मत करना. लेकिन मोदी जी में इतना अहंकार है कि वो जनता की बात नहीं मानते.
केजरीवाल ने तंज कसते हुए कहा,
नए कानून में लिखा है कि दिल्ली सरकार में जितने भी कर्मचारी है उनकी पॉलिसी केंद्र सरकार बनाएगी. यानी अब देश के प्रधानमंत्री बैठकर दिल्ली के चपरासी का काम देखेंगे. क्या इसलिए उनको प्रधानमंत्री बनाया गया? ये काम में हमसे कंपीटीशन नहीं कर सकते. इसलिए हमें काम करने से रोक रहे हैं.
आगे बोले,
अमित शाह जी कहते हैं कि हमारे पास पावर है कानून पास करने की. आपको पावर दी है जनता की सेवा करने की ना कि उनके अधिकार छीनने की. दिल्ली के लोगों ने आपको नकारा तो दिल्ली के लोगों पर अत्याचार करने लगे. मैं दिल्ली का बेटा हूं और आप दिल्ली का नेता बनने चाहते हैं.
केजरीवाल ने आखिर में कहा कि इस बार लोकसभा में दिल्ली वाले एक भी सीट बीजेपी को नहीं देंगे.
वीडियो: दिल्ली सर्विस बिल के लोकसभा में पास होने पर केजरीवाल ने BJP का पुराना ट्वीट खोज निकाला!






















