कॉन्ग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का एक और केस दर्ज किया गया है. इस बार मामला विनायक दामोदर सावरकर से जुड़ा हुआ है. सावरकर के पोते सात्यकि सावरकर ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी.
अबकी सावरकर पर बोल फंसे राहुल, मामला दर्ज हो रहा है
लंदन में राहुल ने सावरकर पर भी टिप्पणी की थी. इसे लेकर उनके पोते सात्यकि सावरकर ने आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज करवाया है.
.webp?width=360)

सत्याकि ने राहुल गांधी की एक स्पीच का वीडियो शेयर करते हुए लिखा -
आज मैंने राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस फाइल किया है. उन्होंने मेरे स्वर्गीय दादाजी श्री विनायक दामोदर सावरकर पर झूठे आरोप लगाए हैं.
इस वीडियो में राहुल गांधी कह रहे हैं -
... एक मुसलमान व्यक्ति को पीटा. और उस दिन उनको बहुत खुशी हुई. तो देखिए... अगर पांच लोग एक आदमी को पीटते हैं, और फिर उनमें से किसी एक व्यक्ति को बहुत खुशी हो रही है, वो कायरता ही है. अगर लड़ना ही है. तो एक व्यक्ति से जाकर अकेले लड़ लो. मगर नहीं, पांच-दस लोग, सावरकर जी के साथ एक इंसान को पीटते हैं. तो इनकी आइडियोलॉजी (विचारधारा) में ये भी है...
ये राहुल के एक दूसरे स्पीच का हिस्सा है. ये स्पीच राहुल गांधी ने 5 मार्च को लंदन में दिया था. हम आपको पूरा कॉनटेक्स्ट देते हैं. राहुल ने इस स्पीच में कहा -
सावरकर ने अपनी किताब में लिखा, एक दिन उन्होंने और उनके 5-6 मित्रों ने एक मुसलमान व्यक्ति को पीटा. और उस दिन उन्हें बहुत खुशी हुई. अगर पांच लोग किसी एक आदमी को पीटते हैं, और फिर से किसी एक व्यक्ति को बहुत खुशी हो रही है, वो कायरता ही है. अगर लड़ना ही है, तो एक व्यक्ति से जाकर अकेले लड़ लो. मगर नहीं, पांच-दस लोग, सावरकर जी के साथ एक इंसान को पीटते हैं. तो इनकी आइडियोलॉजी (विचारधारा) में ये भी है.
लंदन में दिए संबोधनों में राहुल ने जो टिप्पणियां कीं, उन्हें लेकर भारत में भी बहुत बवाल हुआ था. सरकार चाहती थी कि राहुल माफी मांगें और कांग्रेस का कहना था कि राहुल माफी नहीं मांगेंगे. हालिया बजट सत्र में गतिरोध की बड़ी वजहों में से एक वजह ये भी थी.
बता दें कि हाल ही में सूरत की एक कोर्ट ने आपराधिक मानहानि के मामले में राहुल गांधी को दोषी करार दिया गया था. ये मामला साल 2019 में राहुल गांधी के एक बयान का था. कर्नाटक के कोलार में राहुल गांधी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था,
नीरव मोदी, ललित मोदी, नरेंद्र मोदी का सरनेम कॉमन क्यों है? सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है?
इस पर राहुल गांधी के खिलाफ सूरत में आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया गया था. आरोप लगाया गया था कि राहुल ने अपने बयान से पूरे मोदी समाज का अपमान किया है. इस मामले में सूरत की कोर्ट ने 23 मार्च को राहुल गांधी को 2 साल जेल की सजा सुनाई. हालांकि, कोर्ट ने सजा के अमल को 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया था. वहीं 2 साल की सजा सुनाए जाने के कारण 24 मार्च को राहुल गांधी की सांसदी रद्द कर दी गई. राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से सांसद थे. फिलहाल राहुल इस मामले में बेल पर हैं.
वीडियो: सोशल लिस्ट: राहुल गांधी से मिले नीतीश कुमार, 'विपक्षी एकता' के बीच इस फोटो को 'झुकना' बताने लगे लोग





















