दमोह जिला चिकित्सालय का दौरा करने पहुंचे प्रह्लाद सिंह पटेल. बीच वाली तस्वीर ऑक्सीजन सिलिंडर की मांग करने वाले व्यक्ति की.
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ऑक्सीजन की मांग कर रहे एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने की धमकी देते कैमरे पर पकड़े गए. मंत्री जी मध्य प्रदेश में अपने निर्वाचन क्षेत्र दमोह पहुंचे थे. पिछले दिनों कोविड पेशेंट के परिवारवालों ने दमोह जिला अस्पताल से ऑक्सीजन सिलिंडर लूट लिए थे. प्रह्लाद पटेल इस घटना के बाद स्थिति का जायज़ा लेने वहां पहुंचे थे. अभी मंत्री जी अस्पताल के गेट पर ही आए थे कि एक व्यक्ति ऑक्सीजन सिलिंडर की मांग करता हुए उनके पास पहुंच गया. मगर मंत्री जी उसे दिलासा देने की बजाय, धमकी देते पाए गए. वो वीडियो आप यहां देख सकते हैं:
अपने एक कोविड पीड़ित रिश्तेदार के साथ अस्पताल पहुंचा व्यक्ति, प्रह्लाद पटेल को देखकर उम्मीद से भर गया. वो उनके पास पहुंचा और कहा-
''36 घंटे हो गए. हम कब से परेशान हैं. हमें बोला गया था कि सिलिंडर मिलेगा. लेकिन हमें अब तक कुछ नहीं मिला है. अगर आपको नहीं देना है, तो कह दीजिए कि नहीं देंगे.''
इसके जवाब में प्रह्लाद पटेल कहते हैं-
''ऐसे बोलेगा, तो दो खाएगा.''
लेकिन व्यक्ति भी जवाब देता है. उसने मंत्री से कहा-
''हां खाएंगे हम खाएंगे. हमारी माता रात से वैसे ही खाने को पड़ी हैं.''
हालांकि इसके फौरन बाद मंत्री जी को अपनी गलती का अहसास होता है और फटाक से डैमेज कंट्रोल की कोशिश करने लगते हैं. वो उस आदमी को भरोसा दिलाते हैं कि उसे ऑक्सीजन सिलिंडर ज़रूर मिलेगा. वहीं, मंत्री जी के बचाव में उनके ऑफिस ने कहा कि वो व्यक्ति डॉक्टरों और नर्सों को अनाप-शनाप बातें बोल रहा था. जिसके बाद प्रह्लाद पटेल ने उसे थप्पड़ मारने की धमकी दी. वीडियो के दूसरे वर्ज़न को देखकर ये बात पता चलती है वाकई उस व्यक्ति ने ऐसी भाषा का प्रयोग किया था, जो ठीक नहीं था. बेसिकली उसने ये कहा था कि सब लोग मिलकर उसे बेवकूफ बनाने या धोखा देने की की कोशिश कर रहे हैं.
बता दें कि मंगलवार को एक ट्रक दमोह में ऑक्सीजन सिलिंडर डिलिवर करने पहुंचा था. जैसे ही उस ट्रक से सिलिंडरों को स्टोररूम में रखा गया, मरीजों के नाराज परिजनों ने वो ऑक्सीजन सिलिंडर लूट लिए. इस घटना के बाद जारी किए गए स्टेटमेंट में मध्य प्रदेश सरकार ने दावा किया कि उनके पास सरप्लस सिलिंडर हैं. बावजूद इसके ऑक्सीजन सिलिंडर के लिए मारा-मारी जारी है.