सरकारी स्कूलों की बदहाली गरीब तबके के बच्चों के भविष्य से कैसे खिलवाड़ करती है, इसकी मिसाल उत्तर प्रदेश में देखने को मिली है. जब प्राइवेट स्कूल जेब की गुंजाइश के बाहर हो तो गरीब इंसान अपने बच्चों को सरकारी स्कूल भेज देता है. इस उम्मीद में कि पढ़-लिखकर बच्चों का भविष्य बेहतर होगा. लेकिन उत्तर प्रदेश के चित्रकूट के एक सरकारी स्कूल के कथित वीडियो ने इस भरोसे को झटका दिया है. इसमें प्रिंसिपल मैडम कथित तौर पर छात्राओं से मालिश करवाती नजर आ रही हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यूपी में सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल करा रहीं बच्चियों से मालिश, 'मसाज' का वीडियो वायरल
Chitrakoot में जिस कैंपस में यह सरकारी स्कूल चलता है, उसी परिसर में खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अतुल दत्त का ऑफिस भी है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अगर यह मालिश वाली गतिविधि लंबे समय से चल रही थी, तो विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई?
.webp?width=360)

पूरा मामला चित्रकूट मुख्यालय के बीआरसी परिसर में मौजूद प्राथमिक विद्यालय, नया बाजार, कर्वी भाग-1 का है. इंडिया टुडे से जुड़े संतोष बंसल की रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिख रहा है कि सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल मधु कुमारी राय जमीन पर लेटी हुई हैं. लेकिन वो सिर्फ लेटी ही नहीं हैं, बल्कि कथित रूप से स्कूल की छात्राओं से मालिश करवा रही हैं. अगर मैडम ने स्कूल में इतना ‘काम’ कर लिया कि शरीर में ‘दर्द’ होने लगा, तो मजाल है कि वे दवा आदि लें. मालिश के लिए बच्चियां तो हैं.
सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने और बच्चों को बेहतर माहौल देने के लिए सरकार लगातार कई योजनाएं लागू कर रही है. लेकिन जमीनी हकीकत कई बार इन दावों को कटघरे में खड़ा कर देती है. जिन छात्राओं को पढ़ाई करनी थी, वे मैडम की 'मसाज रूपी सेवा’ में लगी हैं.
वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि प्रिंसिपल मैडम कथित तौर पर मोबाइल फोन चलाते हुए छात्राओं से मालिश करा रही हैं. यानी आराम के साथ मसाज और फुल एंटरटेनमेंट दोनों. ये घटना तो रिकॉर्ड हो गई, लेकिन अगर एक जगह ऐसा हो रहा है तो संभव है कई जगहों पर ऐसा, या इससे मिलता-जुलता कुछ हो रहा हो.
रिपोर्ट के अनुसार जिस कैंपस में यह विद्यालय चलता है, उसी परिसर में खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अतुल दत्त का भी ऑफिस है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अगर यह मालिश वाली गतिविधि लंबे समय से चल रही थी, तो विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई?
इस संबंध में जब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) वीरेंद्र कुमार शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की पहले जानकारी नहीं थी. BSA ने कहा,
“इस वीडियो से, ये क्लियर है कि इस प्रिंसिपल ने शिक्षण के समय पर बच्चों से मसाज कराई है. क्योंकि अगर अस्वस्थता की स्थिति होती, तो वे करवट बदल कर मसाज कराते समय मोबाइल भी चला रही हैं. इसमें कोई गुंजाइश नहीं है. मैंने वीडियो देखने के बाद नगर शिक्षा अधिकारी को फोन किया है. वो जाएंगे और इस मामले की जांच करेंगे. उनकी रिपोर्ट के आधार पर प्रिंसिपल पर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.”
BSA ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद इसकी गंभीरता से जांच के आदेश दिए गए हैं. स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए.
वीडियो: UPSC टॉपर अनुज अग्निहोत्री की सक्सेस स्टोरी, रिजल्ट आते ही पापा से ये बोले














.webp?width=275)

.webp?width=120)





