दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में कोरोना वायरस एक बार फिर पैर पसार रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली में कोविड से ग्रसित लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की संख्या पिछले 15 दिनों में दोगुनी हो गई है. दिल्ली सरकार द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि दिल्ली में संक्रमण के चपेट में आने की दर 10 प्रतिशत तक पहुंच रही है. बीते दिन 18 अगस्त को दिल्ली में 1964 नए केस आए. अस्पतालों में बढ़ते मरीजों की संख्या के साथ-साथ दिल्ली में कोविड के 6826 एक्टिव केस हो गए हैं.
दिल्ली : कोविड से अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या 15 दिन में दोगुनी हो गई
पूरे देश में 1 दिन में 25 फीसदी बढ़ गए कोरोना के मामले


दिल्ली में कल 1939 लोग कोरोना से ठीक भी हुए. लेकिन ठीक होने वालों की संख्या नए मामलों से कम है. और इसी वजह से एक्टिव केस में बढ़ोत्तरी आई है. दिल्ली में 18 अगस्त को 8 लोगों की मौत भी कोरोना वायरस की वजह से हुई है.
दिल्ली के साथ-साथ पूरे देश में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है. देश में कोरोना के मामले एक दिन में करीब 25 फीसदी बढ़ गए. 18 अगस्त को देश भर में 15754 नए केस आए, जबकि इससे ठीक एक दिन पहले 12608 नए केस आए थे. इसी के साथ देश भर में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 1,01,830 हो गई है. इसके अलावा कल देश भर में कोरोना वायरस से 47 मौतें दर्ज हुईं. देश भर में अब तक कोरोना से 5,27,253 लोगों की मौत हो चुकी है.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश भर में अबतक 209.27 करोड़ वैक्सीन की डोज़ भी लगाई जा चुकी हैं. कोरोना के बढ़ते मामलों पर अंग्रेजी अखबार द मिंट से बात करते हुए दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल के डॉक्टर गौरी शंकर शर्मा ने बताया कि ज्यादातर लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है. इनमें से भी ज्यादातर को दोनों डोज़ लग चुकी है. जिन लोगों की इम्यूनिटी कम है या बुजुर्ग हैं वो ही ICU में भर्ती हो रहे हैं. मौत भी कोविड के कारण नहीं, बल्कि दूसरी बीमारियों के कारण हो रही है. हालांकि, इनमें कोविड का भी योगदान है.
वीडियो: भारत में मिला कोरोना वायरस का नया वैरिएंट




















