एक्टर Sonu Sood हाल ही में खुद कोरोना पॉजिटिव हो गए थे. ठीक होने के बाद उन्होंने फिर से मदद का मोर्चा संभाल लिया है. दोनों फोटो उनके ट्विटर से ली गई हैं.
देश के अलग-अलग इलाकों से ऑक्सीजन की किल्लत की खबरें आ रही हैं. इसके बिना अस्पताल में भर्ती मरीज दम तोड़ रहे हैं. सोशल मीडिया पर ऑक्सीजन, हॉस्पिटल बेड और जरूरी दवाओं की मारामारी मची हुई है. इस बीच कई लोग अपने स्तर पर एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं. अब इस अभूतपूर्व संकट में एक्टर सोनू सूद ने भी मदद के लिए एक मुहिम शुरू की है. एक ट्वीट में उन्होंने इस बारे में जानकारी दी. एक पोस्टर ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा-
"अब पूरा देश साथ आएगा. जुड़िए मेरे साथ टेलीग्राम चैनल 'India Fights With Covid' पर. हाथ से हाथ मिलाएंगे, देश को बचाएंगे."
ट्वीट के साथ उन्होंने टेलीग्राम ग्रुप का लिंक भी डाला है. साथ ही पोस्टर में बताया है कि इस ग्रुप में हॉस्पिटल, दवाइयों और ऑक्सीजन को लेकर एक दूसरे की मदद की जाएगी. सबसे जरूरी बात जो उन्होंने लिखी, वो यह कि सब मिलकर सबकी मदद करेंगे. बीते दिनों सोनू सूद खुद कोरोना वायरस पॉजिटिव हो गए थे. ठीक होते ही उन्होंने फिर से मदद करने का मोर्चा संभाल लिया. उनकी ट्विटर टाइमलाइन इस बात की बानगी है. निशा भारती नाम की यूजर ने उनसे अपने 24 साल के भाई सुजीत कुमार के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन की मांग की, तो एक्टर ने उनसे कहा कि एक घंटे के भीतर उन्हें इंजेक्शन मिल जाएगा.
इसी तरह सोनू सूद ने कोरोना वायरस से जूझ रही भारती नाम की एक लड़की को नागपुर से हैदराबाद एयरलिफ्ट कराया. भारती हाल ही में कोविड पॉजिटिव हो गई थी. उसके फेफड़ों में 90 फीसदी इनफेक्शन हो गया था. अब हैदराबाद अपोलो अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
सोनू सिर्फ कोविड मरीजों और उनके परिजनों की ही मदद नहीं कर रहे हैं, बल्कि दूसरी बीमारियों से जूझ रहे लोगों तक भी मदद का हाथ पहुंचा रहे हैं. उनकी टाइमलाइन पर हमें सप्पिडी श्रीनिवास राव का ट्वीट दिखा. इसमें उन्होंने सोनू सूद को धन्यवाद दिया है. इसलिए क्योंकि एक्टर की वजह से उनके बच्चे का सफलतापूर्वक लिवर ट्रांसप्लांट हो गया. इस ट्वीट का रिप्लाई करते हुए सोनू सूद ने कहा कि यह सब करना उनकी जिम्मेदारी है.
इससे पहले सोनू सूद ने ट्वीट करते हुए कहा कि वे आजकल सो नहीं पा रहे हैं. उन्होंने लिखा-
"सो नहीं सकता. आधी रात में जब फोन की घंटी बजती है, तो दूसरी तरफ उन हताश लोगों की लोगों की आवाज सुनाई पड़ती है, जो अपने किसी करीबी को बचाने की गुहार लगा रहे होते हैं. हम अभी कठिन वक्त में जी रहे हैं. लेकिन कल अच्छा होगा. अपना हौसला बनाए रखिए. साथ मिलकर हम जीतेंगे. बस कुछ और लोगों के सहयोग की जरूरत है."
एक्टर सोनू सूद ने पिछले साल लॉकडाउन के दौरान हजारों मजदूरों की मदद की थी. उन्होंने मजदूरों को घर पहुंचाया, भूखे लोगों को खाना खिलाया और उनका इलाज भी कराया. इसके बाद वे मदद का दूसरा नाम ही बन गए.
वीडियो- कोरोना कवरेज: दोबारा ठगे जाने के डर से मुंबई से पलायन करते मजदूरों की ये तस्वीरें परेशान कर देंगी