मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के छिंदवाड़ा (Chhindwara) से सोमवार, 5 दिसंबर को स्कूल से एक स्टूडेंट की किडनैपिंग की खबर आई थी. 6वीं क्लास में पढ़ने वाला 12 साल का बच्चा स्कूल से गायब हो गया था. 2 घंटे बाद बच्चा छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर मेमू (MEMU) ट्रेन में पाया गया. बच्चे ने पुलिस और अपने घरवालों को बताया था कि जब वह सुबह स्कूल में बाथरूम गया था, तब दो लोगों ने उसे किडनैप कर लिया था. बच्चे के मुताबिक आरोपी उसे पकड़ कर रेलवे स्टेशन ले गए थे. लेकिन ये पूरी कहानी फर्जी निकली.
होमवर्क नहीं किया तो स्कूल से भागा, फिर अपनी किडनैपिंग की कहानी बनाई, लेकिन ऐसे पकड़ा गया
6वीं वे बच्चे ने सॉलिड कहानी बनाई, लेकिन यहां चूक गया.


पुलिस की जांच में पता चला है कि बच्चे ने अपनी ही किडनैपिंग की कहानी बनाई थी. सिर्फ इसलिए ताकि उसे डांट न पड़े. आजतक के पवन शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव थाना क्षेत्र की है. सोमवार, 5 दिसंबर को स्कूल से एक बच्चे के गायब होने का मामला सामने आया था. बाद में बच्चा छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर मेमू ट्रेन में पाया गया था. जुन्नारदेव थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने जब बच्चे से पूछताछ शुरू की.
बच्चे ने पुलिस और परिजनों को बताया था कि वह स्कूल में बाथरूम गया था. इसी दौरान दो युवक वहां आए और उन्होंने उसका मुंह बंद कर दिया. बच्चे ने बताया था कि उन लोगों ने उसके चेहरे पर टोपी डाल दी थी. इसके बाद आरोपी उसे रेलवे स्टेशन ले गए. बच्चे के मुताबिक रास्ते में किडनैपर्स बात कर रहे थे कि वह उसे बैतूल ट्रेन में ले जाएंगे. जैसे ही किडनैपर्स बच्चे को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे, इसी दौरान वह किडनैपर्स से बचकर स्टेशन पर खड़ी मेमू ट्रेन में चढ़ गया और भीड़ में शामिल हो गया.
लेकिन बच्चे की सुनाई ये पूरी कहानी फर्जी निकली. अब सवाल ये है कि असल में हुआ क्या था? बताया जा रहा है कि 6वीं क्लास में पढ़ने वाला ये बच्चा खुद स्कूल से भाग गया था. वो स्कूल से इसलिए भागा था क्योंकि उसने होमवर्क नहीं किया था.
स्कूल से निकल कर वो छिंदवाड़ा घूमने के लिए मेमू ट्रेन में बैठ गया. लेकिन ट्रेन में ही अचानक उसके पड़ोसी मिल गए. पड़ोसी ने बच्चे के पिता को फोन कर दिया. पिता ने अपने भाई को फोन लगाया और छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस की मदद से बच्चे को परिजनों के पास पहुंचाया गया. घरवालों को घूमने की बात पता चल जाने के डर से बच्चे ने अपने अपहरण की झूठी कहानी बना दी. पुलिस के मुताबिक बच्चे ने फर्जी कहानी गढ़ने की बात खुद कबूल की है.
वीडियो- मध्य प्रदेश में टीचर ने बच्चियों की कॉपी में ‘आई लव यू’ लिखा, फिर हुआ बवाल


















