The Lallantop

छत्तीसगढ़ के रायपुर एयरपोर्ट पर सरकारी हेलीकॉप्टर क्रैश, दो पायलटों की मौत

क्रैश का कारण अभी साफ नहीं हो सका है.

Advertisement
post-main-image
Chhattisgarh Helicopter crashes

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा हो गया है. एयरपोर्ट के रनवे पर गुरुवार रात 9 बजे के आसपास एक सरकारी हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया. इंडिया टुडे/आजतक को मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई है. उनके नाम कैप्टन गोपाल कृष्ण पांडा और कैप्टन एपी श्रीवास्तव बताए गए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

क्रैश के बाद एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई. खबर लिखे जाने तक हादसे का कारण साफ नहीं हो सका. इस बीच छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने इस हादसे पर ट्वीट कर शोक जताया है.

टेस्टिंग के दौरान हुआ हादसा

आजतक से जुड़े रवीश पाल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक क्रैश में स्टेट हेलीकॉप्टर पूरी तरह से तबाह हो गया. बताया गया है कि हादसा टेस्टिंग के दौरान हुआ. दोनों पायलट जब प्रैक्टिस कर हेलीकॉप्टर को लैंड करवा रहे थे, तभी उसमें आग लग गई और क्रैंश लैंडिंग हुई. अभी तक इसको लेकर पुलिस की तरफ से कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है. वहीं डीजीसीए और राज्य सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं.

Advertisement

फिलहाल मौके पर एक टीम पहुंच चुकी है और स्थिति का जायजा लिया जा रहा है. घटनास्थल से जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें साफ देखा जा सकता है कि हेलीकॉप्टर पूरी तरह नष्ट हो चुका है. उसके पंख का एक हिस्सा दूर जाकर गिरा. खबर के मुताबिक लैंडिंग इतनी खतरनाक रही कि एक पायलट ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दूसरे को तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश हुई, लेकिन उसे भी नहीं बचाया जा सका. जान बचाने की कोशिश के तहत दोनों को रामकृष्ण अस्पताल ले जाया गया था. लेकिन अस्पताल ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है कि हादसे में दोनों पायलटों की मौत हो गई है.

Crash

क्रैश हुआ हैलिकॉप्टर (साभार-आजतक)

Advertisement

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी हादसे को लेकर ट्वीट कर शोक जताया है. उन्होंने लिखा,

"अभी रायपुर में एयरपोर्ट पर स्टेट हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद सूचना मिली. इस दुखद हादसे में हमारे दोनों पायलट कैप्टन पांडा और कैप्टन श्रीवास्तव का निधन हो गया है. इस दुख की घड़ी में ईश्वर उनके परिजनों को संबल एवं दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे."

 

मामले में और अपडेट आने पर उसे खबर में जोड़ा जाएगा.

उन्नाव में बुलडोजर के सामने मां-बेटे खड़े होकर हाथ जोड़ रोने लगे

Advertisement