The Lallantop

इंडिगो पायलट ने जो सवाल उठाया है, उससे कुणाल कामरा तो बहुत खुश होंगे!

अब एयरलाइन ने कमिटी बनाकर जांच करने की बात कही.

Advertisement
post-main-image
कुणाल कामरा को बैन करने पर इंडिगो के पायलट ने सवाल पूछे हैं. (तस्वीरें सांकेतिक)

स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा को ‘No Fly List’ में डाले जाने के बाद अब उस विमान के पायलट ने एयरलाइन को चिट्ठी लिखी है, जिसमें कुणाल सफ़र कर रहे थे. इंडिगो एयरलाइंस के पायलट रोहित मटेटी ने कहा है कि बिना उनसे पूछे कंपनी ने ये फ़ैसला किया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

# फ्लाइट में क्या हुआ था?

दरअसल, कुणाल कामरा इंडिगो एयरलाइन्स की फ़्लाइट 6E-5317 से 28 जनवरी को मुंबई से लखनऊ जा रहे थे. कुणाल पर आरोप है कि उन्होंने टीवी जर्नलिस्ट अर्णब गोस्वामी के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया. इसके बाद इंडिगो एयरलाइन्स ने कुणाल कामरा पर छह महीने की पाबंदी लगा दी. इंडिगो एयरलाइन्स के बाद एयर इंडिया और दो और एयरलाइन्स ने भी कुणाल के हवाई सफर पर पाबंदी लगा दी.

Advertisement

# इस केस में पायलट को क्या शिकायत है?

यही शिकायत है कि कुणाल पर बैन लगाने से पहले पायलट से बात नहीं की गई. कंपनी प्रबंधन को एक ख़त लिखकर पायलट ने अपनी नाराज़गी जताई है.

चिट्ठी में पायलट ने लिखा है कि कुणाल कामरा पर केवल सोशल मीडिया पोस्टों के आधार पर कार्रवाई की गई है.

Advertisement

कैप्टन रोहित लिखते हैं,

''मुझे ये जानकर बहुत दुख हुआ कि मेरी एयरलाइन्स ने सिर्फ़ सोशल मीडिया पर लिखे गए पोस्ट के आधार पर कार्रवाई की. पायलट से किसी तरह की कोई बातचीत नहीं की गई. पायलट के तौर पर नौ साल के मेरे करियर में ये एक अप्रत्याशित घटना है. क्या मुझे ये समझना चाहिए कि हाई प्रोफ़ाइल यात्रियों के मामले में उनके आचरण की व्याख्या अलग तरह से होती. मैं चाहूंगा कि मेरी एयरलाइन्स इस मामले में सफ़ाई दे.''

अपनी चिट्ठी में पायलट ने आगे लिखा, 'क्रू ने जब मुझे घटना की जानकारी दी, तब मैंने कॉकपिट सर्विलांस से घटना देखी. मैंने नोटिस किया कि कामरा हाथ से पत्रकार को इशारा कर रहे थे. इस पर अर्नब ने कोई जवाब नहीं दिया. मुझे इन दोनों के बीच किसी तरह का फ़िज़िकल कॉन्टैक्ट नहीं दिखा. इसके बाद मैंने पैसेंजरों को एड्रेस किया, जिसमें यात्रियों को अपनी सीट पर लौट जाने के लिए कहा. मैंने ये भी कहा कि अगर कोई समस्या है, तो उसे विमान उतरने के बाद सुलझा लें. ये सुनते ही कुणाल कामरा ने क्रू से अपने व्यवहार पर माफ़ी मांगी.'

पायलट की चिट्ठी के बाद इंडिगो ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, इंडिगो ने बयान जारी कर कहा है, ''हमने पायलट की चिट्ठी का संज्ञान लिया है. हमने इससे जुड़ा बयान ले लिया है और एक इंटरनल कमिटी ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है.''

# लेकिन पूछना क्यों ज़रूरी है?

Directorate General of Civil Aviation (DGCA) ने No Fly List के नियम बनाए हैं. 2017 में ये नियम आया था. फ्लाइट पर अगर कोई यात्री आपत्तिजनक व्यवहार कर रहा है, तो उसका नोटिस पायलट को लेना होगा. फ्लाइट के Pilot-in-Command को शिकायत करनी होती है. इसके बाद एयरलाइन की एक इंटरनल कमिटी बनती है. 30 दिन के भीतर कमिटी को शिकायत का निपटारा करना होता है. अगर बैन लगाना है, तो वो कितने दिन का होगा, ये भी इसी दौरान तय करना होता है.
वीडियो देखें:

JDU से प्रशांत किशोर की विदाई की वजह CAA का विरोध या फिर अमित शाह?

Advertisement