क्या हुआ था 27 फरवरी के दिन? 27 फरवरी, 2019 की पहली खबर थी पाकिस्तान एयरफोर्स द्वारा भारतीय सैनिक ठिकानों पर हवाई हमले करने की कोशिश. खबर नंबर दो थी भारतीय वायुसेना की जवाबी कार्रवाई. इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हवाई युद्ध की बातें होने लगीं. और तभी खबर आई - श्रीनगर के पास बडगाम में भारतीय वायुसेना का एक विमान क्रैश हो गया. विमान कौनसा? हेलिकॉप्टर या फाइटर जेट, घंटों इस बात पर भ्रम रहा. टीवी पर ये खबरें भी चलीं कि ये एक पाकिस्तानी मिसाइल के चलते हुआ था.
दोपहर बाद तक ये बात आधिकारिक तौर पर पुष्ट हुई कि क्रैश हुआ विमान भारतीय वायुसेना का एक MI-17 हेलिकॉप्टर था. प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो के मुताबिक श्रीनगर की एयरफील्ड से सुबह 10 बजे चला ये हेलिकॉप्टर एक रूटीन मिशन पर था. इसमें वायुसेना से छह लोग सवार थे. ये सभी क्रैश में मारे गए. हादसे में इन छह वायुसैनिकों के अलावा एक आम आदमी की जान भी गई थी.
वायुसेना ने इसके बाद कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए थे.
क्या सामने आया है जांच में अब तक?
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्टर मनु पब्बी ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि 27 फरवरी को जम्मू कश्मीर में एक एयर डिफेंस मिसाइल दागी गई थी. संभवतः इस्रायल में बने इस मिसाइल सिस्टम को तब एक्टिवेट किया गया था जब जम्मू कश्मीर में एयर डिफेंस अलर्ट की घोषणा हुई. पाकिस्तानी जेट्स के नियंत्रण रेखा की तरफ आने के बाद ये अलर्ट जारी किया गया था.
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिलहाल इस बात की जांच हो रही है कि क्रैश से ठीक पहले का घटनाक्रम क्या रहा था. ये भी देखा जा रहा है कि क्या IFF (Identity, Friend or Foe) सिस्टम काम कर रहे थे. ये देखा जा रहा है कि अपने विमानों को अपनी मिसाइलों से बचाने के लिए अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपाय विफल रहे हैं. ताकि भविष्य में ऐसी किसी घटना को टाला जा सके.
इन बातों का एक अर्थ ये है कि जांच एजेंसियां एक भारतीय एयर डिफेंस मिसाइल और बडगाम में क्रैश हुए MI-17 के बीच संबंध को टटोल रही हैं. उस दिन जारी हुए अलर्ट में अनमैंड एरियल विहिकल (UAV; बिना पायलट के विमान) को लेकर भी चेतावनी दी गई थी. ये अमूमन धीमी गति पर उड़ते हैं. MI17 भी धीमी गति पर उड़ता है. ऐसे में एक संभावना ये भी है कि एयर डिफेंस सिस्टम को M17 किसी दुश्मन UAV की तरह लगा हो.
क्या होता है IFF सिस्टम?
ये सिस्टम तय करता है कि कोई मिसाइल एयरक्राफ्ट पर हमला करेगी या नहीं. मिसाइल विमान को सिग्नल भेजकर मालूम करती है कि दोस्त है कि दुश्मन. जो एयरक्राफ्ट 'दोस्त' वाला सिग्नल देता है, मिसाइल उसपर हमला नहीं करती. एयर डिफेंस अलर्ट जारी होने पर एयरफोर्स के विमानों को अपना IFF सिस्टम चालू रखना होता है. इसके अलावा तय रूट से आना और जाना होता है.

इस हादसे में 7 लोगों की जान गई.
बेहद भरोसेमंद हेलिकॉप्टर है MI17
MI17 का इस्तेमाल दुनियाभर की सेनाएं करती हैं. ये काफी मज़बूत मशीन है और इसमें जानलेवा तकनीकी खामी के कम ही मामले सामने आए हैं. इकोनॉमिक टाइम्स का दावा है कि हेलिकॉप्टर उन 10 मिनट के दौरान गिरा, जब भारतीय वायुसेना और पाकिस्तानी वायुसेना के बीच लड़ाई चल रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से अखबार ने ये भी लिखा है कि एक तेज़ धमाके की आवाज़ के बाद हेलिकॉप्टर धुएं की लकीर बनाते हुए क्रैश कर गया.
हादसे में शहीद स्क्वॉड्रन लीडर निनाद मांडवगणे की पत्नी विजेता मांडवगणे ने दोनों देशों के बीच शांति की अपील की थी. पाकिस्तान अपनी ओर से कह चुका है कि बडगाम क्रैश में उसका हाथ नहीं था. इंतज़ार है कोर्ट ऑफ इंक्वायरी की विस्तृत रिपोर्ट का, जिसके बाद साफ होगा कि बडगाम क्रैश में चूक कहां हुई थी.
वीडियो देखें: किताबवाला: इंदिरा गांधी को सबसे ज्यादा एलर्जी किस चीज से थी?























