जमीन के लिए, जायदाद के लिए, पद के लिए, कुर्सी के लिए लोग लड़ते हैं. राजनीति में पार्टियां आपस में लड़ती हैं. पहले राजा अपनी सीमाओं के विस्तार के लिए भी लड़ते थे. पाकिस्तान अब भी कश्मीर के लिए लड़ रहा है. पुतिन यूक्रेन से लड़ गए. ब्रिटेन में कन्ज़रवेटिव पार्टी वाले अपनी पार्टी के ही पीएम से लड़ गए. सबकी लड़ने की अपनी वजह रहती है. शादियों में भी लड़ाइयां देखी ही जाती हैं. फूफा और मौसा भले बदनाम हों, लेकिन दूल्हे के दोस्त भी कम नहीं बिदकते.
पापड़ नहीं मिला तो शादी में मार हो गई, तीन के सिर फूटे, 1.5 लाख का नुकसान हो गया
शादी में आए लोगों ने एक दूसरे पर कुर्सियां चला दीं. पुलिस ने 15 के खिलाफ केस कर दिया.


तो केरल में एक शादी थी. शादी में खाना था. खाने में पापड़ था. दूल्हे के दोस्त खाना खा रहे थे. दोस्तों ने पापड़ मांगा. परोसने वाले ने मना कर दिया. मार हो गई. जूतमपैजार हो गई. पापड़ के बदले झापड़ वाली राइम बनती, उससे पहले ही वहां मुक्के चल गए. तीन लोग घायल हुए. एक बुजुर्ग, दो युवा. तीनों को अस्पताल ले जाया गया. ये तो खैर अलग है, लेकिन पापड़ के चक्कर में जो मारामारी हुई, उसमें 1.5 लाख रुपये का नुकसान हो गया.
मामला राज्य के आलप्पुझा का है. 31 अगस्त को शादी थी. दोपहर में शादी की खुशी में भोज चल रहा था. बताया जा रहा है शादी में एक डिश परोसी गई. डिश का नाम साद्य था. साद्य के साथ खाया जाता है 'पापड़म्'. यानी पापड़. खाने के दौरान दूल्हे को दोस्तों को साद्य के साथ एक्स्ट्रा पापड़ नहीं दिया गया और मार हो गई.
मारपीट में जो तीन लोग घायल हुए हैं. उनमें 74 साल के मुरलीधरन भी शामिल हैं. मुरली उस ऑडिटोरियम के मालिक हैं, जहां शादी हो रही थी. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले में पुलिस ने बताया है कि जब वो पहुंचे तो लोग एक दूसरे पर कुर्सी और टेबल भांज रहे थे. पुलिस ने इस मामले में 15 लोगों के खिलाफ केस किया है.
वीडियो: शादी के बीच दूल्हे ने दुल्हन के पैर छुए, वायरल वीडियो की पूरी कहानी


















