The Lallantop

पार्टी से लौट रही महिला ने BMW से मारी टक्कर, स्कूटी चला रहे शख्स की मौत

टक्कर मारने का वीडियो सामने आया. महिला को मिल गई जमानत.

Advertisement
post-main-image
BMW की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत (फोटो- आजतक)

दिल्ली (Delhi) में तेज रफ्तार BMW की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. खबर है कि गाड़ी चला रही महिला एक पार्टी अटेंड करके वापस घर लौट रही थी. तभी गाड़ी और एक स्कूटी सवार के बीच जोरदार टक्कर (Accident) हुई. आरोपी महिला घायल शख्स को अस्पताल ले गई, लेकिन वो बच नहीं सका. पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है. पूरा मामला पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके का है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

घटना की CCTV फुटेज सामने आई है. उसमें दिख रहा है कि एक तेज रफ्तार BMW कार स्कूटी पर सवार शख्स को टक्कर मारती है. इतनी जोरदार टक्कर कि स्कूटी सवार हवा में उछलकर दूर गिर जाता है. मौके पर भगदड़ मच जाती है. फिर महिला कार से उतरकर घायल की तरफ जाती दिख रही है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कार एक्सीडेंट 21 मई की सुबह करीब 4 बजे हुआ. फिर 4 बजकर 8 मिनट पर पुलिस को मोती नगर मेट्रो स्टेशन के पास से सड़क हादसे के बारे में PCR कॉल मिली. पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां फ्लाईओवर की ओर जाने वाली सड़क पर दो गाड़ियां और एक स्कूटी बुरी तरह डैमेज पड़े थे. एक जनरेटर भी क्षतिग्रस्त हालत में मिला.

Advertisement
इलाज के दौरान मौत

पता चला कि आरोपी महिला, घायल स्कूटी सवार को ABG अस्पताल लेकर गई थी. पुलिस के मुताबिक, बाद में घायल के परिवार वालों ने उसे ESI अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस जब वहां पहुंची तो पीड़ित का इलाज चल रहा था. वो बयान देने की हालत में भी नहीं था. कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भेज दिया गया.

मृतक का नाम अजय गुप्ता बताया जा रहा है. उम्र 36 साल. वो दिल्ली के बसई दारापुर में अपनी बीवी और दो बच्चों के साथ रह रहा था. अजय किराने की दुकान चलाता था. हादसे के वक्त वो अस्पताल से दवाई लेकर लौट रहा था.

वहीं 28 साल की आरोपी महिला पेशे से एक आर्किटेक्ट है और अशोक विहार में रहती है. वो हादसे के वक्त ग्रेटर कैलाश इलाके से पार्टी करके लौट रही थी. एक्सीडेंट के बाद वो दूसरी गाड़ी से घायल को अस्पताल ले गई. महिला के खिलाफ IPC की धारा 279 (जल्दबाज़ी में गाड़ी चलाना), 337 (जीवन को खतरे में डालने या दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा से चोट पहुंचाना) और बाद में जोड़ी गई धारा 304 ए (लापरवाही के कारण मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है. खबर है कि आरोपी को जमानत भी मिल गई है.

Advertisement

वीडियो: दिल्ली कंझावला एक्सीडेंट में स्कूटी पर बैठी दूसरी लड़की क्यों चुप थी, क्यों भागी, सब सामने आया!

Advertisement