The Lallantop

BJP नया वीडियो ले आई, बोली- AAP वाले 80 लाख में बेच रहे टिकट, केजरीवाल ने कहा- नौटंकी...

BJP का आरोप है कि AAP पैसे लेकर MCD चुनाव की टिकट बेच रही है. AAP ने आरोपों को झूठा बताया है.

Advertisement
post-main-image
BJP प्रवक्ता संबित पात्रा और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल. (फाइल फोटो- ANI/PTI)

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक 'स्टिंग' वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी नगर निगम चुनाव में पैसे लेकर टिकट बेच रही है. बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि टिकट के लिए पैसे की मांग करने वाले लोग, मंत्री गोपाल राय के नजदीकी हैं. उन्होंने इसमें गोपाल राय के अलावा दुर्गेश पाठक, सौरभ भारद्वाज और अतिशी के शामिल होने की बात कही है. आरोप है कि पार्षद की टिकट देने के लिए 80 लाख रुपये मांगे गए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
केजरीवाल पर आरोप

संबित पात्रा ने दावा किया कि वीडियो AAP की नेता बिंदू श्रीराम का है, जो MCD चुनाव के लिए रोहिणी (D) वार्ड-54 से टिकट चाहती थीं. उन्होंने बताया कि गोपाल राय के सहयोगी पुनीत गोयल, उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली के लोकसभा इनचार्ज आरआर पठानिया और दिनेश श्रॉफ इस 'कैश फॉर टिकट' डील में शामिल हैं. इस कथित स्टिंग में दो वीडियो हैं, पहला वीडियो एक रेस्टोरेंट का और दूसरा एक कार का.

बीजेपी का दावा है कि रेस्टोरेंट वाले वीडियो में जो शख्स दिख रहा है, उसका नाम पुनीत गोयल है. बीजेपी ने बकायदा प्रेस कॉन्‍फ्रेंस कर इस वीडियो को जारी किया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा के साथ बिंदू श्रीराम भी मौजूद थीं. संबित पात्रा ने दावा किया, 

Advertisement

"बिंदू श्रीराम पहले पुनीत गोयल और दिनेश श्रॉफ से मिलती हैं. उनसे 'पूरा दे देने' की बात होती है. लेकिन बिंदू जी कहती हैं कि अभी मैं पहला टोकन दे देती हूं. यानी 21 लाख रुपये, इसके बाद मैं 40 लाख और फिर 21 लाख रुपये और दे दूंगी. ये कुल मिलाकर करीब 80 लाख रुपये होते हैं. लेकिन वे दोनों मना कर देते हैं और पूरा रकम देने को कहते हैं."

संबित पात्रा ने ये भी दावा किया कि वीडियो में दोनों लोग MCD की 250 सीटों में 110 पर पैसे लेकर 'बुकिंग' की बात कह रहे हैं. उन्होंने कहा कि जो पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ यहां लड़ने आई थी, वो खुद उगाही करने में व्यस्त है. संबित पात्रा के मुताबिक, केजरीवाल ने कहा था कि अगर आपसे कोई पैसे का लेन-देन करे तो वीडियो बना लेना, आज उन्हीं की पार्टी की नेता बिंदू श्रीराम ने केजरीवाल की बातों को मानते हुए भ्रष्टाचार को उजागर किया है.

केजरीवाल ने क्या कहा?

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोपों पर कहा कि BJP रोज नई नौटंकी लेकर आती है. केजरीवाल ने कहा, "उन्होंने कहा कि शराब घोटाला हुआ, जांच हुई तो कुछ नहीं मिला. उन्होंने कहा बस घोटाला हुआ, फिर सड़क घोटाला कहा. जांच में कुछ नहीं मिलता, इसकी भी जांच करा लो."

Advertisement

इन आरोपों के बाद आम आदमी पार्टी ने इसे एक 'फर्जी स्टिंग' बताया है. AAP विधायक दिलीप पांडेय ने कहा कि फर्जी स्टिंग से तय है कि BJP दिल्ली में MCD चुनाव हार रही है. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 

"अगर BJP ने 15 साल में काम किया होता, तो वीडियो नहीं जुटाना पड़ता. जो नाम लिया जा रहा है, उनका पार्टी में कोई रोल नहीं है. आम आदमी पार्टी के टिकट की डिमांड सबसे ज़्यादा थी इसलिए दुनियाभर के ब्रोकर एक्टिव हो गए."

दिलीप पांडेय ने कहा कि पैसे देकर किसी को टिकट नहीं मिला, ये ख़ुद BJP के वीडियो से साफ है. आम आदमी पार्टी ने एक रुपये लेकर भी किसी को टिकट नहीं दिया.

तीन दिन पहले ही बीजेपी ने एक और स्टिंग वीडियो जारी कर AAP नेता मुकेश गोयल पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था. BJP का आरोप था कि मुकेश गोयल एक जूनियर इंजीनियर से पैसे मांग रहे थे. गोयल ने BJP स्टिंग को फर्जी बताते हुए कहा था कि उसे एडिट किया गया है और ऑडियो भी फर्जी है. उन्होंने कहा था कि वो संबित पात्रा के खिलाफ मानहानि का केस करेंगे.

दिल्‍ली में MCD चुनाव के लिए 13 दिन बाकी हैं. सभी 250 वार्ड के लिए 4 दिसंबर को वोटिंग होनी है और वोटों की गिनती 7 दिसंबर को होगी.

गुजरात चुनाव 2022: जातिगत राजनीति, गोपाल इटालिया और दिल्ली नगर निगम चुनावों पर क्या बोले अरविंद केजरीवाल

Advertisement