The Lallantop

अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन को BJP ने कौन से चुनाव में उतार दिया?

UP, बिहार के लिए लिस्ट जारी की गई है.

Advertisement
post-main-image
TV डिबेट्स में महीन चुटकी लेने के लिए मशहूर शाहनवाज हुसैन (गले में पीला गमछा डाले) बिहार विधानपरिषद उपचुनाव में किस्मत आजमाएंगे. (फाइल फोटो- PTI)
उत्तर प्रदेश में विधानपरिषद चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने छह नामों की लिस्ट जारी की है. ये नाम हैं कुंवर मानवेंद्र सिंह, गोविंद नारायण शुक्ला, सलिल बिश्नोई, अश्वनी त्यागी, डॉ. धर्मवीर प्रजापति और सुरेंद्र चौधरी. इन नामों से परिचय कराएंगे लेकिन पहले बिहार भी हो आते हैं. जहां होने हैं विधानपरिषद उपचुनाव. दो सीटों पर. इनमें से एक सीट के लिए भी नाम का ऐलान कर दिया गया है. बिहार विधानपरिषद उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी होंगे पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन. 2014 के बाद ये पहला मौका है, जब हुसैन चुनावी मैदान में उतरेंगे. 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार मिली थी. 2019 में चुनाव नहीं लड़े. अब MLC चुनाव के साथ फिर मैदान में हैं. अब चलते हैं वापस यूपी. कुल 12 सीट पर चुनाव होने हैं. 15 जनवरी को चार प्रत्याशियों के नाम की लिस्ट जारी कर दी गई थी. ये चार नाम थे – UP के डिप्टी CM डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, पूर्व IAS अरविंद शर्मा और काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे लक्ष्मण आचार्य. अरविंद शर्मा 14 जनवरी को ही बीजेपी में शामिल हुए हैं. अब आए हैं ये छह और नाम, जिनके बारे में अभी शुरुआत में हमने आपको बताया. गोविंद शुक्ला पार्टी के प्रदेश महामंत्री हैं. सलिल बिश्नोई पूर्व महामंत्री हैं. कानपुरिया नेता हैं. अश्वनी त्यागी की पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी पकड़ मानी जाती है. धर्मवीर प्रजापति उप्र शासन में माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष हैं. 12 सीटों पर 28 तारीख़ को वोटिंग राज्य की 12 विधान परिषद सीटों के लिए 28 जनवरी को मतदान होना है. नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 18 जनवरी है. जिन 12 सीटों पर चुनाव होने हैं उसके मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 30 जनवरी को पूरा हो रहा है. जिनका कार्यकाल खत्म हो रहा है उनमें स्वतंत्र देव सिंह, दिनेश शर्मा और लक्ष्मण आचार्य के अलावा विधान परिषद के सभापति रमेश यादव (समाजवादी पार्टी) प्रमुख हैं. 100-सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधान परिषद में सपा के 55, भाजपा के 25, बहुजन समाज पार्टी के आठ, कांग्रेस और ‘निर्दलीय समूह’ के दो-दो और अपना दल (सोनेलाल) और ‘शिक्षक दल’ के एक-एक सदस्य हैं. इनके अलावा विधान परिषद में तीन निर्दलीय सदस्य भी हैं. सीटों का गणित उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यों वाली विधानसभा में वर्तमान में 402 सदस्य हैं. इनमें भाजपा के 310, सपा के 49, बसपा के 18, अपना दल (सोनेलाल) के नौ, कांग्रेस के सात, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के चार, निर्दलीय तीन, राष्ट्रीय लोकदल का एक, निर्बल इंडियन शोषित हमारा अपना दल (निषाद) का एक सदस्य हैं. भाजपा के साथ अपना दल (सोनेलाल) का गठबंधन है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement