इतना कहने के बाद उन्होंने मंच पर साथ बैठे लोगों से पूछा, ‘गौतम दास है या दामोदर दास है?’ मतलब पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री का नाम लेते वक्त उनके नाम के बीच लगने वाले उनके पिता का नाम गलत बोल दिया था. फिर उसमें सुधार किया, लेकिन इसके बाद पवन खेड़ा ने तंज कसते हुए कह दिया,
नाम भले दामोदार दास है, काम गौतम दास है.
इसके बाद पवन खेड़ा ने ट्वीट भी किया था कि वो असल में प्रधानमंत्री के नाम को लेकर भ्रमित हो गए थे कि दामोदर दास है या गौतम दास.
पवन खेड़ा के खिलाफ FIRBJP नेता अमित मालवीय ने इसे कांग्रेस की ओर से PM मोदी के पिता का अपमान बताया है. उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा,
जिस तरह की अभद्र टिप्पणी कांग्रेस ने PM मोदी के पिताजी पर की, वो निंदनीय है. ये पहली बार नहीं है कि कांग्रेस ने PM मोदी पर निजी हमला किया है. पहले उनकी जाति को लेकर, उनके सामान्य गरीब परिवार को लेकर, उनकी पृष्ठभूमि को लेकर लगातार कांग्रेस उनपर हमले करते आई है. लेकिन जिस तरीके से उनके दिवंगत पिताजी, जिनका राजनीति से कुछ लेना नहीं है, उनका नाम लाकर कांग्रेस ने राजनीति के स्तर को और नीचा कर दिया है.
वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने भी PM मोदी पर की गई टिप्पणी की निंदा की. नागालैंड में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा,
कांग्रेस के प्रवक्ता ने मोदी जी के लिए जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया है. मैं समझ रहा हूं, ये बात कांग्रेस के प्रवक्ता की नहीं है. ये बात कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के स्वभाव के अनुकूल है.
अमित शाह ने कहा कि 2019 में भी पीएम मोदी के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया था और नतीजे में कांग्रेस पार्टी का विपक्ष का स्टेटस भी जाता रहा. उन्होंने कहा कि जिस तरह की भाषा इस्तेमाल की गई, उसका हिसाब देश की जनता देगी, कांग्रेस पार्टी दूरबीन लेकर खोजने पर भी नहीं मिलेगी.
वहीं मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भाई जगताप ने कहा कि पवन खेड़ा फ्लो में बोलते वक्त ऐसा कह गए. उन्होंने BJP निशाना साधा कि जब BJP पंडित नेहरू का अपमान करती है, तो क्या वो ठीक रहता है.
बता दें कि पवन खेड़ा के खिलाफ बीजेपी नेताओं ने लखनऊ के हजरतगंज थाने में और वाराणसी में FIR दर्ज कराई है.
वीडियो: तुर्की भूकंप में मदद कर लौटी टीम ने पीएम मोदी को गजब बहादुरी के किस्से सुनाए!