The Lallantop

500 के नोटों की गड्डियों पर सोते शख्स की तस्वीर वायरल, किस पार्टी से कनेक्शन निकला?

इंडिया टुडे नॉर्थ ईस्ट के कनक चंद्र बोरो की रिपोर्ट के मुताबिक इस व्यक्ति का नाम बेंजामिन बासुमतारी है. सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि बेंजामिन बासुमतारी का संबंध UPPL से है.

Advertisement
post-main-image
ये तस्वीर UPPL के पूर्व सदस्य बेंजामिन बासुमतारी की बताई जा रही है. (फोटो: इंडिया टुडे NE)

सोशल मीडिया पर नोटों के ढेर पर सोते एक व्यक्ति की तस्वीर वायरल है. फोटो में वो 500 रुपये के नोटों के ढेर पर सोता दिख रहा  है. उसके पूरे शरीर पर भी 500-500 रुपये के नोट रखे दिख रहे हैं. ये तस्वीर शेयर करते हुए सोशल मीडिया यूजर्स BJP और असम की एक राजनीतिक पार्टी पर निशाना साध रहे हैं. कहा जा रहा है कि तस्वीर असम में BJP के सहयोगी दल यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (UPPL) के सदस्य की है. हालांकि, UPPL ने सफाई दी है कि तस्वीर में दिख रहे शख्स का अब पार्टी से कोई संबंध नहीं है, पार्टी उसे काफी पहले ही निकाल चुकी है.

Advertisement

बता दें कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए असम में UPPL का BJP से गठबंधन है. इसलिए यूजर्स UPPL के साथ-साथ BJP पर भी निशाना साध रहे हैं. 

वकील और सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत भूषण ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा,

Advertisement

"मोदी के नेतृत्व वाली BJP सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने का संकल्प लिया है. असम में इनकी सहयोगी, UPPL पार्टी के एक सदस्य को 500 रुपये के नोटों के ढेर पर सोते हुए पाया गया. अच्छे दिन आ गए तो नींद भी अच्छी आए!"

आखिर नोटों के ढेर पर सोता शख्स कौन है? 

इंडिया टुडे नॉर्थ ईस्ट के कनक चंद्र बोरो की रिपोर्ट के मुताबिक इस व्यक्ति का नाम बेंजामिन बासुमतारी (Benjamin Basumatary) है. सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि बेंजामिन बासुमतारी का संबंध UPPL से है. इसके अलावा, बेंजामिन बासुमतारी को असम के भैरगुरी में ग्राम परिषद विकास समिति (VCDC) का ‘अध्यक्ष’ बताया जा रहा है. हालांकि, UPPL ने कहा है कि अब बेंजामिन का संबंध न तो उनकी पार्टी से है और न ही अब बेंजामिन भैरगुरी VCDC के अध्यक्ष हैं.

UPPL के मुताबिक बेंजामिन को इस साल जनवरी में सस्पेंड कर दिया गया था.

Advertisement

"हमने देखा है कि बेंजामिन बासुमतारी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. हम साफ करना चाहते हैं कि श्री बासुमतारी का उनके सस्पेंशन के बाद UPPL से कोई संबंध नहीं है"

बेंजामिन बासुमतारी पर भ्रष्टाचार के आरोप

UPPL की ओर से बताया गया है कि बेंजामिन बासुमतारी के खिलाफ 5 जनवरी, 2024 को अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी. UPPL ने अपनी पार्टी के अध्यक्ष प्रमोद बोरो को उस तारीख पर लिखा गया खत भी जारी किया है. 

खत के मुताबिक भैरागुरी ग्राम परिषद विकास समिति (VCDC) के अध्यक्ष बेंजामिन बासुमतारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की कई शिकायतें मिली थीं. बेंजामिन पर PM आवास योजना और मनरेगा के फंड के गलत इस्तेमाल का आरोप लगा था. इस खत में बताया गया था कि बेंजामिन बासुमतारी की UPPL सदस्यता खत्म की जा रही है. 

इसके अलावा पार्टी ने ये भी साफ किया है कि बेंजामिन बासुमतारी को भैरागुरी के VCDC अध्यक्ष पद से 10 फरवरी, 2024 को हटा दिया गया था.

वीडियो: असम सरकार ने खत्म किया Muslim Marriage Act, Badruddin Ajmal बोले- 'असम में BJP की होगी मौत..!'

Advertisement