The Lallantop

इस गांव में पहली बार किसी को मिली सरकारी नौकरी, गांव की हालत ये है!

75 सालों से गांव का कोई व्यक्ति सरकारी नौकरी के लिए सिलेक्ट नहीं हुआ था. अब जाकर ये सूखा खत्म हुआ है.

Advertisement
post-main-image
राकेश कुमार का सम्मान करता गांव का एक व्यक्ति. (तस्वीर- आजतक)

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के एक गांव में जश्न जैसा माहौल है. वजह ये कि इस गांव के एक युवक की सरकारी नौकरी लग गई है. मुजफ्फरपुर स्थित कटरा प्रखंड के सोहागपुर गांव में आजादी के बाद पहली बार किसी की सरकारी नौकरी (Government Jobs) लगी है. 75 सालों से गांव का कोई व्यक्ति सरकारी नौकरी के लिए सिलेक्ट नहीं हुआ था. अब जाकर ये सूखा खत्म हुआ है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

सोहागपुर गांव कटरा की शिवदासपुर पंचायत के तहत आता है. यहां एक आम राय बन गई थी कि सोहागपुर में किसी की सरकारी नौकरी नहीं लग सकती. लेकिन राकेश कुमार नाम के एक युवक ने इस साल सरकारी शिक्षक की परीक्षा पास कर इस मिथक को तोड़ दिया है.

राकेश कुमार की प्राथमिक शिक्षा सोहागपुर में ही हुई. उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दरभंगा यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया. फिर राजस्थान से B.Ed की परीक्षा पास की. बाद में बिहार में शिक्षक पात्रता परीक्षा हुई. उसे पास कर राकेश को मिली सरकारी नौकरी. वही नौकरी, जिसको लोग गारंटी मानते हैं, सोचते हैं कि ये वाली नौकरी है तो सबकुछ सेट है.

Advertisement

आजतक से जुड़े मणि भूषण की रिपोर्ट के मुताबिक राकेश ने बताया कि उनके पिता की मृत्यु के बाद उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा. आर्थिक जरूरतें पूरी करने के लिए उन्होंने ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया. साथ में परीक्षा की तैयारी भी करते रहे. उन्होंने बताया,

"बहुत कठिनाइयों का सामना करते हुए इस मुकाम को हासिल किया. 2016 में पिताजी गुजर गए. उसके बाद आर्थिक दिक्कतों से हमें जूझना पड़ा. मैंने ट्यूशन पढ़ाकर ये दिक्कत दूर की. सहयोग के लिए लोग नहीं थे. मैं चाहता था कि मैं इस गांव में एक भी सरकारी नहीं होने की धारणा को खत्म कर दूं."

सोहागपुर के बारे में जानकर ये सवाल मन में उठता है कि यहां कैसे 75 सालों तक किसी की सरकारी नौकरी नहीं लगी. राकेश बताते हैं कि गांव के लोग सरकारी नौकरी के लिए तैयारी ही नहीं करते. हालांकि उनकी इच्छा सरकारी नौकरी करने की थी.

Advertisement

राकेश की बात को गांव के एक निवासी संजीत कुमार ने सही बताया. आजतक से बातचीत में उन्होंने कहा,

"आजादी के बाद पहली बार इस गांव को ये सौभाग्य मिला है कि राकेश कुमार चौधरी, निवासी सोहागपुर, पहली बार सरकारी नौकरी के लिए चुने गए हैं. हम उन्हें बधाई देते हैं. इससे आने वाली पीढ़ी को सीख मिलेगी. राकेश उन्हें मार्गदर्शन दे रहे हैं."

संजीत ने बताया कि गांव की आबादी दो हजार से ज्यादा है. यहां 60 पर्सेंट से भी कम लोग शिक्षित हैं. इससे पहले यहां कभी भी किसी शख्स की सरकारी नौकरी नहीं लगी. संजीत के मुताबिक राकेश गांव के पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने ये कारनामा किया है.

रिपोर्ट के मुताबिक राकेश कुमार की नियुक्ति जिले के एक प्राथमिक विद्यालय में की गई है. अन्य गांव वाले भी राकेश की इस सफलता की बात सुनकर काफी खुश हैं. उनका कहना है कि अब गांव के युवाओं और बच्चों को राकेश से सीख लेने की जरूरत है.

बिहार: छात्राओं को बिना कपड़ों की तस्वीरें भेजता था प्रोफेसर, बर्खास्तगी की हो रही मांग

Advertisement