बंगाल के चुनावों के आखिर चरण के आते-आते मुफ्त वैक्सीन पर जंग शुरू हो गई है. पहले टीएमसी ने मुफ्त वैक्सीन का वादा किया तो अगले ही दिन बीजेपी ने भी वादा कर दिया. (फोटो-ट्विटर)
कोरोना में हर चीज पर लॉकडाउन लग सकता है लेकिन एक चीज है जो कभी बंद नहीं होती. राजनीति. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव (West Bengal Election) हो रहे हैं. और वहां नेताओं की वैक्सीन पॉलिटिक्स शुरू हो गई है. पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वादा किया कि TMC के जीतने पर राज्य की जनता को फ्री वैक्सीन देंगे. अब बीजेपी ने भी यही वादा कर दिया है. लेकिन, बीजेपी ने तो बिहार में भी फ्री वैक्सीन देने का वादा किया था, उसका क्या हुआ? यही सवाल पूछकर ममता बनर्जी ने BJP को घेर लिया.
ममता की वैक्सीन बनाम मोदी की वैक्सीन
बंगाल में 22 तारीख को सीएम ममता बनर्जी ने एक कार्यक्रम में ऐलान किया,
18 साल से ऊपर के सभी लोगों को 5 मई के बाद से कोरोना की फ्री वैक्सीन लगाई जाएगी.
अगले ही दिन बीजेपी ने भी बंगाल में फ्री वैक्सीन का वादा कर दिया. बंगाल बीजेपी ने 23 अप्रैल को ट्वीट किया,
जैसे ही पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार आएगी सभी को फ्री में कोविड 19 की वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी.
ममता ने कोई देरी न करते हुए पलटवार किया. टीएमसी के ट्विटर हैंडल से बीजेपी के वैक्सीन के वादे पर जवाब आया.
ये आ गया बीजेपी की तरफ से फ्री वैक्सीन के जुमलेबाजी वाला अनाउंसमेंट. ऐसा ही वादा करके बिहार के लोगों को मूर्ख बनाया था. जो वह बड़े आराम से भूल गए. बंगाल को मूर्ख नहीं बना पाएंगे. बीजेपी पर भरोसा मत करो.
और वादा तो पूरे देश को फ्री में वैक्सीन लगाने का भी किया था
बीजेपी के बंगाल चुनाव में फ्री वैक्सीन के वादे पर कई लोग बिहार का हवाला दे रहे हैं. बिहार में भी बीजेपी ने सत्ता में आने के बाद बिहारवासियों के लिए मुफ्त वैक्सीन का वादा किया था. वैक्सीन को लेकर सरकार की क्रोनोलॉजी को कुछ ऐसे समझा जा सकता है. 22 अक्टूबर 2020 - बीजेपी ने बिहार के घोषणा पत्र में सरकार बनाने पर सबके लिए फ्री वैक्सीन का वादा किया. 25 अक्टूबर 2020 - जब बिहार में फ्री वैक्सीन के वादे से बवाल हुआ तो बीजेपी के केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी ने कहा कि देश में सभी को फ्री कोरोना वैक्सीन मिलेगी. 2 जनवरी 2021 - केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सभी के लिए मुफ्त कोविड वैक्सीन की बात कही. 16 जनवरी 2021 - भारत का वैक्सीन अभियान शुरू हुआ. सरकारी अस्पताल में वैक्सीन फ्री और प्राइवेट में 250 रुपए प्रति डोज के हिसाब से वैक्सीन उपलब्ध हुई. 1 फरवरी 2021 - केंद्रीय बजट में वैक्सीन के लिए 35,000 करोड़ रुपए रखे गए. सरकार को 150 रुपए के हिसाब से वैक्सीन मिलने पर इतने पैसों में 116 करोड़ लोगों को वैक्सीन के दोनों डोज़ दिए जा सकते थे. 19 अप्रैल 2021 - सरकार नई वैक्सीन पॉलिसी लाई. इसके अनुसार भारत में वैक्सीन बनाने वाली कंपनियां 50 फीसदी वैक्सीन भारत सरकार को देंगी. बाकी बची वैक्सीन को राज्य सरकारों और खुले मार्केट में उपलब्ध कराएंगी. 21 अप्रैल 2021 - वैक्सीन बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया ने वैक्सीन की नई कीमतों की घोषणा कर दी. राज्य सरकारों को एक डोज 400 रुपए और प्राइवेट अस्पतालों को 600 रुपए में वैक्सीन मिलेगी. बता दें कि केंद्र सरकार को एक डोज़ के लिए 150 रुपए देने होते हैं. कंपनी पहले ही कह चुकी है कि वह 150 रुपए में भी फायदा कमा रही है. बढ़ी हुई कीमतों से वह कुछ और मुनाफा कमाएगी. फिलहाल देश भर की तरह बिहार को भी सरकारी अस्पताल में फ्री और प्राइवेट हॉस्पिटल में पैसे देकर वैक्सीन लगवानी पड़ रही है. 1 मई से 18 साल से ऊपर के युवाओं के लिए वैक्सीन की मुहिम शुरू हो रही है. जहां तक पश्चिम बंगाल के इलेक्शन की बात है तो फिलहाल 6 चरण के मतदान हो चुके हैं. अभी 2 चरण के मतदान होने बाकी हैं. 29 अप्रैल को आखिर चरण के मतदान होंगे और 2 मई को चुनावों के नतीजे आएंगे.