The Lallantop

पीएम मोदी के कच्छ दौरे से पहले युवक की हत्या पर बवाल, मस्जिद-दुकानों में तोड़फोड़

पुलिस के मुताबिक फिलहाल इलाके में हालात काबू में हैं.

Advertisement
post-main-image
कच्छ के मधापार में भीड़ ने की तोड़फोड़ (फोटो: आजतक)

पीएम मोदी (PM Modi) के दो दिवसीय गुजरात (Gujarat) दौरे से पहले कच्छ (Kutch) जिले से सांप्रदायिक हिंसा की खबर सामने आई हैं. जानकारी के मुताबिक जिले के भुज में हुई हिंसक झड़प की वजह एक स्थानीय युवक की हत्या को बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में कर लिया है और स्थानीय लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की गई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़ीं गोपी घांघर की रिपोर्ट के मुताबिक घटना 26 अगस्त की है. पुलिस के मुताबिक भुज कस्बे के मधापर गांव (Madhapar) का रहने वाला परेश रबारी दूध बेचने का काम करता था. उसका दूसरे समुदाय के कुछ लोगों से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते 26 अगस्त को बीच बाजार में कुछ युवकों ने परेश की चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में युवक बुरी तरह से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए भुज के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात में उसकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

बताया जा रहा है कि जैसे ही युवक की मौत की खबर स्थानीय लोगों को पता चली, लोग सड़क पर उतर आए. इसके बाद गुस्साई भीड़ ने पास में बनी मस्जिद और दुकानों में तोड़फोड़ की. जिससे हालात बेक़ाबू हो गए. उपद्रव की खबर मिलते ही बड़ी तादाद में वहां पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. कच्छ-पश्चिम के पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में शांति व्यवस्था कायम है. जानकारी के मुताबिक पुलिस ने दोनों मामलों परेश रबारी की हत्या और उसके बाद भड़के दंगों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.  

Advertisement
आज से शुरू पीएम का दो दिवसीय गुजरात दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे को लेकर राज्य सरकार की ओर से एक प्रेस रिलीज जारी की गई है. इस प्रेस रिलीज़ के मुताबिक दौरे के पहले दिन  27 अगस्त की शाम को पीएम मोदी साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित खादी उत्सव कार्यक्रम शामिल होंगे. यहां वे एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे. साथ ही अहमदाबाद नगर निगम की ओर से बनाए गए फुट ओवर ब्रिज का उद्घाटन भी करेंगे. इस पुल का नाम पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari Vajpayee) के नाम पर रखा गया है.

पीएमओ (PMO) की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दौरे के दूसरे दिन यानी 28 अगस्त को पीएम कच्छ जिले का दौरा करेंगे. इस दौरान वे ‘स्मृति वन’ समेत करीब एक दर्जन परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमि पूजन करेंगे. इसके अलावा पीएम मोदी कच्छ भूकंप पीड़ितों की याद में बनाए गए जिस 'स्मृति वन' का उद्घाटन करने वाले हैं, वो घटना स्थल मधापर से सिर्फ चार किलोमीटर दूर है. 

वीडियो: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने महिलाओं को लेकर क्या बात कर दी?

Advertisement

Advertisement