The Lallantop

BBC ऑफिस में रात भर चलेगा इनकम टैक्स 'सर्वे', किन कागजों को देख रहे हैं अधिकारी?

BBC का कहना है कि उसके कुछ कर्मचारियों को ऑफिस में रोका गया है.

Advertisement
post-main-image
बीबीसी के ऑफिस में 'सर्वे' जारी. (फाइल फोटो)

BBC के दिल्ली और मुंबई ऑफिस में इनकम टैक्स का ‘सर्वे’ (Income Tax) जारी है. BBC की प्रेस टीम ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया था कि इनकम टैक्स की टीम अभी भी उसके दिल्ली और मुंबई स्थित ऑफिस में मौजूद है. अब खबर आई है कि इनकम टैक्स विभाग का ये ‘सर्वे’ रात भर चलेगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनकम टैक्स टीम ने BBC के दिल्ली और मुंबई ऑफिस की तलाशी ली. टीम ने कर्मचारियों के फोन और लैपटॉप जब्त कर लिए. रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘सर्वे’ का काम कम से कम कल तक चलेगा. अधिकारी रात भर  BBC के ऑफिस की तलाशी लेंगे. इनकम टैक्स के अधिकारी 2012 से लेकर अब तक के अकाउंट डिटेल्स की जांच कर रहे हैं. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक BBC के एक प्रवक्ता ने बताया,

“इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी नई दिल्ली और मुंबई के BBC ऑफिस में अभी भी मौजूद हैं. कई कर्मचारी अपने घर जा चुके हैं. लेकिन कुछ लोगों को रुकने को कहा गया है. हम सभी लोग जांच में सहयोग कर रहे हैं.”

Advertisement

इससे पहले BBC की तरफ से एक और ट्वीट किया गया था. कहा गया,

“इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी इस समय नई दिल्ली और मुंबई के BBC ऑफिस में हैं और हम पूरा सहयोग कर रहे हैं. हमें उम्मीद है कि इस स्थिति को जल्द से जल्द सुलझा लिया जाएगा.”

रिपोर्ट्स के अनुसार, इनकम टैक्स विभाग ने BBC दफ्तर में पत्रकारों के फोन और लैपटॉप जब्त कर लिए. जांच शुरू होने के छह घंटे तक कर्मचारियों के लैपटॉप स्कैन किए गए और इसके बाद ही उन्हें जाने दिया गया.

Advertisement

इनकम टैक्स विभाग के सूत्रों की ओर से बताया गया कि विभाग को कुछ स्पष्टीकरण की जरूरत थी. इसके लिए विभाग की टीम एक सर्वे के लिए गई थी. अधिकारी BBC के अकाउंट और बैलेंस शीट की जांच करने गए थे.  

दरअसल, BBC की डॉक्यूमेंट्री “इंडिया - द मोदी क्वेश्चन” को लेकर देश भर में हलचल है. दो एपिसोड की इस डॉक्यूमेंट्री में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर को दिखाया गया है. फिल्म पर विवाद इसलिए हो रहा है क्योंकि इसमें 2002 के गुजरात दंगों के दौरान नरेंद्र मोदी की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं. उस दौरान मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे. हालांकि, ये डॉक्यूमेंट्री भारत में रिलीज नहीं हुई है.

भारत सरकार ने इस डॉक्यूमेंट्री को 'प्रोपेगैंडा पीस' करार दिया था. पहला पार्ट रिलीज होने के बाद ही सरकार ने डॉक्यूमेंट्री के लिंक्स को ट्विटर और यूट्यूब से हटाने के निर्देश जारी कर दिए थे. दो एपिसोड वाली इस डॉक्यूमेंट्री का पहला पार्ट 17 जनवरी को रिलीज हुआ था. वहीं दूसरा एपिसोड 24 जनवरी को प्रसारित किया गया था.

इधर, इनकम टैक्स के इस ‘सर्वे’ पर विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा. विपक्ष की तरफ से कहा गया कि मोदी सरकार तानाशाही पर उतर आई है. वहीं, BJP की तरफ से कहा गया कि देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी BBC को बैन किया था और ये मीडिया संस्थान भारत को बदनाम करने वाली रिपोर्टिंग करता है.

वीडियो: बीबीसी के दफ्तर में इनकम टैक्स की रेड, डॉक्युमेंट्री पर क्या बोले अमित शाह

Advertisement