इस फिल्म का इतना क्रेज़ इसलिए भी है क्योंकि मार्वल ने जो सफर 2008 में फिल्म 'आयरन मैन' के साथ शुरू किया था, वो इसी फिल्म से खत्म होने वाला है. पिछली 21 फिल्मों से जो कहानी चल रही थी, वो इसी फिल्म के साथ खत्म हो जाएगी. एमसीयू में आगे और फिल्में बन रही हैं लेकिन इस फिल्म के बाद कई सुपरहीरोज़ की कहानी खत्म होने वाली है. इन्हीं चक्करों में फिल्म रिलीज़ से पहले ही कई रिकॉर्ड तोड़ने लगी है. पिछले दिनों एक खबर आई थी कि 'एवेंजर्स एंडगेम' का एक टिकट ऑनलाइन साढ़े तीन लाख रुपए में बिक रहा था. वो तो भला हो कि वो अमेरिका का मामला था. लेकिन इंडिया भी उससे कुछ ज़्यादा पीछे नहीं है.

जो कहानी 2008 में फिल्म 'आयरनमैन' से शुरू हुई थी, वो एंडगेम के साथ खत्म हो रही है.
पिछले दिनों जिस फिल्म के लिए भारी एक्साइटमेंट देखने को मिली थी, वो थी आमिर खान की 'ठग्स ऑफ हिन्दोस्तां'. उस फिल्म को हर आदमी पहले दिन देखना चाहता था. इस भागमदौड़ी में जिसे जहां से, जितने में टिकट मिला, उसने उठा लिया. इंडिया में 'ठग्स ऑफ हिन्दोस्तां' की टिकट जहां 400 रुपए से 1500 के बीच थी, वहीं एंडगेम में मामला 2200 रुपए तक पहुंच गया है. 'ठग्स...' के साथ तो दिक्कत ये हुई लोगों ने उसे 'सिर्फ' पहले दिन ही देखा. हालांकि 'एवेंजर्स' से उम्मीदें बहुत हैं, अब देखते हैं जनता कितनी संतुष्ट हो पाती है.

'ठग्स ऑफ हिन्दोस्तां' में आमिर खान और अमिताभ बच्चन ने पहली बार एक साथ काम किया था. लेकिन पहले दिन 50 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड कमाई करने के बाद फिल्म टिकट खिड़की पर मुंह के बल गिर गई.
फिल्म की शुरुआती दिनों की कमाई के बारे में भी हर ओर चर्चा चल रही है. ट्रेड पंडितों का कहना है कि 'एवेंजर्स: एंडगेम' पहले तीन दिनों दुनियाभर से (900 मिलियन डॉलर) 6000 करोड़ रुपए का कलेक्शन करेगी. एवेंजर्स सीरीज़ की पिछली फिल्म 'एवेंजर्स: इनफिनिटी वॉर' ने पहले तीन दिन में वर्ल्डवाइड (640 मिलियन डॉलर) 4400 करोड़ रुपए की कमाई थी. ये फिल्म इंडिया में 250 करोड़ रुपए के कलेक्शन के साथ अब तक की सबसे सफल हॉलीवुड फिल्म बन गई थी. लेकिन अब इसका भी एंडगेम होने वाला है. इंडिया में पहले दिन 'एवेंजर्स: एंडगेम' का कलेक्शन 40 से 50 करोड़ के बीच बताई जा रही है. ये सिर्फ प्रेडिक्शन है मामला कहीं भी पहुंच सकता है.
वीडियो देखें: 'एवेंजर्स एंडगेम' की टिकट जितने में बिक रही है, उतने में आप दो साल तक रोज़ एक फिल्म देख लेंगे










