The Lallantop

अतीक-अशरफ को मारने से पहले शूटर्स ने मूसेवाला मर्डर के वीडियो देख क्या सीखा था?

जिगाना पिस्टल किस गैंगस्टर से ली, पता चल गया!

Advertisement
post-main-image
अतीक मर्डर का आरोपी सनी जितेंद्र गोगी से मिल चुका था | फाइल फोटो: आजतक

माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ के मर्डर केस में नई जानकारी सामने आई है. मर्डर के आरोपी सनी, लवलेश तिवारी और अरुण मौर्य ने अतीक-अशरफ पर 16 सेकेंड में 34 गोलियां चलाई थीं. अतीक-अशरफ हत्याकांड में घटना वाली जगह के सीसीटीवी देखने पर SIT को ये जानकारी मिली है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़े अरविंद ओझा के मुताबिक SIT टीम के एक सदस्य ने बताया कि दो आरोपियों के पास तुर्की में बनी जिगाना पिस्टल्स थीं. जबकि एक आरोपी के पास देसी पिस्टल थी. मर्डर के समय सबसे ज्यादा गोलियां जिगाना पिस्टल से चली थीं. कुछ गोलियां देसी पिस्टल से भी चलाई गईं, एक गोली देसी पिस्टल में फंस गई थी, जिसकी वजह से फायर नहीं हो पाया. इस नई जानकारी के बाद SIT की टीम प्रतापगढ़ जेल में जाकर सनी, लवलेश तिवारी और अरुण मौर्य से फिर से पूछताछ कर सकती है.

गोगी ने सनी को दी थी जिगाना पिस्टल

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक अतीक-अशरफ की हत्या के तीनों आरोपी लगातार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को फॉलो कर रहे थे. तीनों ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की खबरें और वीडियो भी कई बार देखे थे. एक आरोपी सनी काफी समय तक गैंगस्टर जितेंद्र गोगी के संपर्क में भी रहा था. गोगी ने सनी को जिगाना पिस्टल दी थी और दिल्ली कोर्ट में अपने दुश्मन टिल्लू ताजपुरिया को मारने का टारगेट दिया था. लेकिन, ये होता इससे पहले ही 24 सितंबर, 2021 को दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में जितेंद्र गोगी की हत्या कर दी गई.

Advertisement

इस घटना से पहले जब दिल्ली पुलिस ने जितेंद्र गोगी को गिरफ्तार किया था, तब उसके पास से तुर्की में बनीं पांच जिगाना पिस्टल्स बरामद हुई थीं. अतीक-अशरफ के मर्डर के समय दो आरोपियों के पास प्रेस का आई कार्ड था. आई कार्ड और कैमरे का ये आइडिया भी 2 साल पहले जितेंद्र गोगी ने ही सनी को दिया था. ये जानकारी सामने आने के बाद अब अतीक मर्डर केस की जांच कर रही SIT की टीम दिल्ली पुलिस से संपर्क कर सकती है.

वीडियो: CM योगी ने अतीक अहमद हत्याकांड के बाद UP में माफियाओं के हाल पर क्या कहा?

Advertisement
Advertisement