शाहरुख की ज्यादातर फिल्में खराब होती हैं. बहुत कम ही होता है कि वो कोई नई सी चीज ट्राय करते हैं. उनकी फिल्में उनको हीरो तो बनाती हैं, मगर ऐसा हीरो जिसे देख-देखकर इंसान उकता चुका है. घिस चुका है. गिनी-चुनी अच्छी फिल्मों के अलावा शाहरुख के अंदर कोई मजेदार चीज है, तो वो है उनका सेंस ऑफ ह्यूमर. उनको हंसना आता है. हंसाना आता है. जवाब देना भी आता है. और उन्हें जो ये आता है, वो सबको नहीं आता.
वो साल कौन सा था, नहीं पता. तब उंगलियों पर जोड़ना भी नहीं सीखा था. मैं पिद्दी सी थी. यूं ही एक दिन टीवी पर एक फिल्म देखी. उसमें एक लड़का था. सुनील. वो बार-बार क्लास में फेल हो रहा था. बहुत डांट खा रहा था. फिर एक बार नकली मार्कशीट बनाकर उसने पापा को थमा दिया. हमेशा गरियाने वाले पापा खुशी से नाचने लगे. पार्टी दे दी उन्होंने. पार्टी में सुनील की पोल खुल गई. पापा ने उसकी बेइज्जती करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. सुनील अकेला बैठा रोने लगा. उसको रोता देखकर मैं भी रोने लगी. बच्चे ऐसा करते हैं. किसी को रोता देखकर खुद भी रोने लगते हैं. बस उसी पल से वो मुझे अच्छा लगने लगा. ऐक्टिंग, हीरो, कहानी, ये सारी बातें काफी बाद में मालूम पड़ीं.

ये 'कभी हां कभी ना' का सुनील है. इसे देखते वक्त आपको नहीं लगेगा कि आप शाहरुख खान को देख रहे हैं. फिल्म में आपको एक सीधा-सादा, अपनी धुन में खोया एक जवान लड़का दिखेगा. जो बड़ा वलनरेबल है. हीरो टाइप फील नहीं देता. गलतियां करता है. ज्यादा पसंद नहीं किया जाता. एकदम आम सा.
मेरा और शाहरुख का तो तब का है, जब बुरे के नाम पर बस इतना पता था कि पैंट में सू-सू करना बुरी बात है. शाहरुख के लिए मेरी फीलिंग हमेशा वैसी ही रही, जैसी आपको अपने बचपन के दोस्त के लिए होती है. तो क्या हुआ जो शाहरुख खान की फिल्में घनघोर एवरेज होती हैं. कुछेक फिल्में छोड़कर सारी एवरेज फिल्में. मगर एक बात में वो ठीक हैं. सेंस ऑफ ह्यूमर. उनको हंसना और हंसाना, दोनों आता है. फिल्मों में भले ही वो ठंडे और बासी जोक मारते हों, लेकिन उनके इंटरव्यू देखिए. उनको लाइव इंटरेक्ट करते हुए देखिए. एक से एक मस्त रेफरेंसेज़. क्या विट. क्या टाइमिंग. आपको महसूस होगा. कि यार, ये इंसान बस फिल्में नहीं कर रहा. दुनिया-जहान की चीजें पढ़ भी रहा है. इस मामले में उनका हाथ कोई नहीं पकड़ सकता है. वो ट्विटर पर कई बार अपने फैन्स के साथ बातें करते हैं. मतलब, आप उनको सवाल लिखो. वो जवाब देंगे. ये होता है- 'आस्क एसआरके'. कभी फनी से, कभी डांटने वाले, कभी बदतमीज. इमेज बनाने वाली बात नहीं होती है उनके जवाबों में. शाहरुख हर तरह के जवाब देते हैं. जवाबों का सैंपल पढ़िए, मालूम चलेगा. और ये 6 जून के 'Ask SRK' में पूछे गए सवालों के जवाब हैं.
गीतिका तुली- शाहरुख, आप तो चार्मर हैं. बहुत अच्छे इंसान हैं. लाखों लोग आपसे मुहब्बत करते हैं. आप इस ट्वीट को सेव करके रख लीजिए. जब भी कभी आप उदास हों (लो महसूस करें), तब इसे कई बार पढ़िएगा.
शाहरुख- शुक्रिया. लेकिन मेरी परेशानी कुछ और ही है. मैं हमेशा हाई रहता हूं.
राज जाबरा- हे भगवान, हे भगवान. मुझे अभी-अभी याद आया कि मैंने एक सपना देखा था. उसमें मैंने देखा कि आपका चौथा बच्चा होने वाला है. ये कितना प्यारा और मजेदार सपना था.
शाहरुख- हे भगवान, हे भगवान. अच्छा होगा कि मैं अबराम के कपड़े संभालकर रखना शुरू कर दूं. अगर कहीं आपका सपना सच हो गया, तो ये कपड़े काम आ जाएंगे.
चार्ली- मैं एक लड़की से प्यार करता हूं. उसका नाम सेंड्रा है और वो बर्लिन की रहने वाली है. ये लॉन्ग डिस्टेन्स वाला रिश्ता है. मैं उम्मीद करता हूं कि हमारा रिश्ता अच्छा निभेगा. प्लीज, आप भी अपनी शुभकामनाएं दीजिए.
शाहरुख- अगर वो लड़की बांद्रा की रहने वाली होती, तो मैं ज्यादा काम आ सकता था तुम्हारे. खैर, ऑल द बेस्ट तुमको.
राइटिस्ट सिंघवी- मैं सलमान खान का ज्यादा बड़ा फैन हूं. कैसा लगा ये जानकर?
शाहरुख- मैं भी उससे बहुत प्यार करता हूं.
अनाई कोमागन- सर, ऐसी कौन सी चीज है जो आनंद एल राय को औरों से अलग बनाती है?
शाहरुख- उनकी फिल्मों में भावनाएं उड़ती हैं.
अक्षय ककंरिया- सर, आपकी आंखें (दिल वाला इमोजी)
शाहरुख- मैं जानता हूं (लंबी सांस छोड़ते हुए) क्या करुं...
इकरा- कभी आपको खाली-खाली सा एहसास होता है? सुकूं महसूस नहीं होता? काम की वजह से नहीं, बस यूं ही. माफ कीजिएगा अगर आपको ये लगे कि सुबह के लिहाज से मैंने ज्यादा ही निराश करने वाला सवाल पूछ लिया है तो.
शाहरुख- मेरे तीन खूबसूरत बच्चे हैं. एक प्यारी बीवी है. बहन है. मेरे पास खालीपन के लिए कोई जगह ही नहीं है.
ये भी पढ़ें: इस फिल्म को बनाने के दौरान मौत शाहरुख ख़ान को छूकर निकली थी!सलमान ही नहीं, शाहरुख भी खा चुके हैं हवालात की हवामैं फ़िल्म देखता था और चाहता था कि शाहरुख़ खान मर जाएअनुराग कश्यप ने शाहरुख के साथ पांच फिल्में बनाई हैं, जो आपने नहीं देखीं!'ज़ीरो' के बारे में ये बातें जानकर फिल्म देखने की चुल्ल उठने लगेगीजब शाहरुख की प्लेन क्रैश में मौत हो गई तो ट्वीट कौन कर रहा है?
शाहरुख की इस फिल्म की शूटिंग में ठंड से डायरेक्टर का हाथ जल गया था