दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया के गिरफ्तारी को लेकर कई ट्वीट किए हैं. उन्होंने एक ट्वीट में बताया है कि सिसोदिया को गिरफ्तार करने वाले अफसर गिरफ्तारी के खिलाफ थे. मगर अपने आकाओं की वजह से मजबूरी में उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा. अरविंद केजरीवाल ही नहीं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी उनके समर्थन में ट्वीट किया है. बता दें कि रविवार 26 फरवरी, को CBI ने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया था. आरोप है कि जांच में सहयोग न करने को लेकर उन्हें गिरफ्तार किया गया है.
सिसोदिया अरेस्ट हुए, केजरीवाल ने कहा - "आपके परिवार का ख्याल रखेंगे, परेशान मत होइए"
बहुत सारे ट्वीट किए, बहुत सारे ट्वीट में क्या लिखा है?


27 फरवरी, की सुबह 11:41 पर अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया,
'मुझे बताया गया है कि ज्यादातर सीबीआई अफसर मनीष की गिरफ्तारी के खिलाफ हैं. सभी उनकी(मनीष) बहुत इज्जत करते हैं. और उनके खिलाफ(मनीष) कोई भी सबूत नहीं है. मगर गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक दबाव इतना ज्यादा था कि उन्हें अपने आकाओं के कहना मानना पड़ा.'
अब गिरफ्तारी वाले दिन से शुरू करते हैं, मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया, बताया कि वो CBI के पास जा रहे हैं. वो जांच में पूरा सहयोग करेंगे. उनके साथ लाखों बच्चों का प्यार और करोड़ो देशवासियों का आशीर्वाद है. उन्होंने कहा कि जेल में भी रहना पड़े तो वो उसके लिए भी तैयार हैं. इसके जवाब में अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया के इस ट्वीट को कोट करते हुए लिखा,
'भगवान आपके साथ है मनीष. लाखों बच्चे और उनके अभिभावकों की दुआएं आपके साथ हैं.जब आप देश और समाज के लिए जेल जाते हैं, तो जेल जाना दूषण नहीं, भूषण होता है. प्रभु से कामना करता हूं कि आप जल्द जेल से लौटे. दिल्ली के बच्चे, अभिभावक और हम सब आपका इंतजार करेंगे.'
इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री को लपेटते हुए ट्वीट किया. उन्होंने लिखा,
'जिस देश में गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा देने वाले और उन बच्चों का भविष्य बनाने वाले जेल में हों और अरबों का घोटाला करने वाले प्रधानमंत्री के जिगरी दोस्त हों, वो देश कैसे तरक़्क़ी कर सकता है.'
फिर उन्होंने ट्वीट कर बताया कि वो मनीष सिसोदिया के परिवार का ख्याल रखेंगे. वो चिंता न करें.
फिर रात आठ बजे उन्होंने ट्वीट कर लिखा,
'मनीष बेक़सूर हैं . उनकी गिरफ़्तारी गंदी राजनीति है. मनीष की गिरफ़्तारी से लोगों में बहुत रोष है. लोग सब देख रहे हैं. लोगों को सब समझ आ रहा है. लोग इसका जवाब देंगे. इस से हमारे हौसले और बढ़ेंगे. हमारा संघर्ष और मज़बूत होगा.'
रात दस बजे एक वीडियो पोस्ट करते हुए बताया कि वो और भगवंत मान मनीष सिसोदिया के परिवार से मिलकर आ रहे हैं.
दूसरे पार्टी के नेताओं ने क्या कहा?
भाजपा नेता मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल के ट्विट का जवाब देते हुए लिखा,
‘ऐसी फेक न्यूज़ आपने आईबी को लेकर गुजरात में भी फैलायी थी. अब सब जानते हैं कि आप जो लिखते और बोलते है वो सब मनगढ़ंत होता है. क़ानून को काम करने दो, शराब मंत्री के शराब घोटाले पर जांच की आंच जल्द आगे भी बढ़ेगी, ये ही आपका भी डर है ना’
अखिलेश यादव ने भी मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा,
सिसोदिया को क्यों गिरफ्तार किया गया ?'दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले मनीष सिसोदिया जी को गिरफ़्तार करके भाजपा ने साबित कर दिया है कि भाजपा शिक्षा ही नहीं बल्कि दिल्ली के बच्चों के भविष्य के ख़िलाफ़ भी है। दिल्ली की जनता इसका जवाब अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को सातों सीटें हराकर देगी.'
दिल्ली के आबकारी नीति कथित घोटाला मामले में डिप्टी CM मनीष सिसोदिया को CBI ने रविवार, 26 फरवरी के दिन गिरफ्तार कर लिया था. CBI की तरफ से कहा गया है कि मनीष सिसोदिया जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे, इस वजह से उनकी गिरफ्तारी की गई. सिसोदिया को 27 फरवरी को कोर्ट में पेश किया जाएगा.
वीडियो: मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी से पहले CBI ने 8 घंटे पूछताछ की, दिल्ली शराब घोटाला का मामला.






















