लद्दाख से एक बड़े हादसे की खबर आ रही है. इंडिया टुडे/आजतक के शुक्रवार 27 मई को यहां 26 जवानों से भरी एक बस नदी में गिर गई. बताया गया है कि इस हादसे में भारतीय सेना के 7 जवानों की मौत हो गई है. वहीं कई अन्य घायल हुए हैं.
लद्दाख में भारतीय सेना की बस नदी में गिरी, कम से कम 7 जवानों की मौत
बस करीब 50-60 फीट की गहराई तक गिरी है


खबर के मुताबिक हादसा लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में श्योक नदी के पास हुआ है. इस जानकारी मिलने के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है. बचाव अभियान के तहत घटनास्थल से निकाले गए घायल जवानों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया है.
ये हादसा थोइस एयरबेस से लगभग 25 किमी दूर हुआ है. खबर के मुताबिक बस करीब 50-60 फीट की गहराई तक गिरी है. भारतीय सेना की ओर से बयान जारी किया गया है. इसमें सेना ने कहा है,
’26 सैनिकों का एक दल परतापुर में ट्रांजिट कैंप से सब सेक्टर हनीफ में आगे बढ़ रहा था. उसी दौरान बस सड़क से फिसल कर श्योक नदी में गिर गई जिससे सभी लोग घायल हो गए.’
सेना की बस किन कारणों से सड़क से फिसलकर नदी में गिरी ये अभी तक साफ नहीं हो पाया है. बाद में भारतीय सेना ने जानकारी देते हुए बताया,
‘ये सुनिश्चित करने की कोशिश चल रही है कि घायलों को बेस्ट मेडिकल केयर दी जाए. वहीं ज्यादा गंभीर रूप से घायल सैनिकों को वेस्टर्न कमांड शिफ्च करने के लिए वायु सेना की मदद भी ली जा सकती है.’
पीएम ने जताया दुख
इस बीच घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गईं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर लिखा,
“लद्दाख में हुई बस दुर्घटना से दुखी हूं, जिसमें हमने हमारे बहादुर जवान खो दिए हैं. मेरी संवेदनाएं दुखी परिवारों के साथ हैं. मैं घायलों की जल्दी रिकवरी की कामना करता हूं. घटना में प्रभावित हुए लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है.”
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी घटना पर दुख जताया है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा,
“भारतीय सेना के जवानों के साथ लद्दाख में दुर्घटना से काफी दुखी हूं. पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं. घायल जवानों की जल्द रिकवरी की प्रार्थना करता हूं.”
वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा है,
‘आज दोपहर लद्दाख में हमारे 7 बहादुर सैनिकों की दर्दनाक सड़क दुर्घटना से गहरा दुख हुआ. मामले में कुछ और गंभीर रूप से घायल हैं. पीड़ितो के लिए शोक प्रकट करती हूं.’
खबर के मुताबिक घटना के बाद सभी जवानों को परतापुर के 403 फील्ड अस्पताल पहुंचाया गया है और लेह से सर्जिकल टीमों को परतापुर भेजा गया है.
वीडियो- ज्ञानवापी पर भड़के ओवैसी ने शिवलिंग और फव्वारे पर क्या कहा?





















