सोशल मीडिया पर सलमान खान का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वो एक फैन का मोबाइल छीनते नजर आ रहे हैं. ये शख्स एयरपोर्ट पर सलमान के साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था. 30 सेकेंड से भी छोटे इस वीडियो को लोग तेजी से शेयर कर रहे हैं. और सलमान को उनके रूखे व्यवहार के लिए क्रिटिसाइज कर रहे हैं. वो वीडियो आप नीचे देख सकते हैं. इंस्टाग्राम पर इसे 'सलमान माय लव' नाम के हैंडल से शेयर किया गया है.
सेल्फी खींचने आए फैन के साथ सलमान की इस हरकत से लोग बुरी तरह खीज गए हैं
सलमान के बाद उनके बॉडीगार्ड ने भी दुर्व्यवहार किया.


एयरपोर्ट के बाहर मीडिया और फोटोग्राफर्स सलमान के बाहर आने का इंतजार कर रहे हैं. सलमान एयरपोर्ट से बाहर आ रहे हैं. तभी एक शख्स जो एयरपोर्ट स्टाफ का ही लग रहा है, उनके आगे चलने लगता है. और गेट से बाहर निकलने से पहले वो सलमान के साथ तस्वीरें लेने की कोशिश करता है. सलमान तुरंत उस लड़के के हाथ से फोन छीनते हुए गेट से बाहर आ जाते हैं. बॉडीगार्ड उस लड़के को धक्का देकर सलमान से दूर कर देता है.
वीडियो में सलमान बेहद गुस्से में नजर आ रहे हैं. वो फोन खींचने के बाद रुकते नहीं हैं, और लगातार चलते रहते हैं.
हालांकि सोशल मीडिया पर लोगों को सलमान का ये रवैया पसंद नहीं आ रहा है. और लोग उन्हें जमकर सुना रहे हैं. लोग उनसे कह रहे हैं कि इतना घमंड ठीक नहीं है. कुछ लोग कह रहे हैं कि इस एटीट्यूड की वजह से लोगों को सलमान खान की फिल्में देखनी बंद करनी चाहिए. कुछ लोग सलमान को इस व्यवहार के लिए सनकी बोल रहे हैं. वीडियो के नीचे बाकी कमेंट आप खुद देख सकते हैं.

2 52

1 80
खैर ये पहली बार नहीं है, जब सलमान ने तस्वीरें ले रहे फैन्स का फोन खींचने की कोशिश की हो. कुछ महीनों पहले भी सलमान ऐसा ही कर चुके हैं और तब मामला पुलिस तक पहुंच गया था.
ये घटना 24 अप्रैल 2019 की है. सलमान मुंबई के लिंकिंग रोड पर अपनी साइकिल और बॉडीगार्ड्स का काफिला लेकर निकले थे. इतने में किसी राहगीर ने अपने फोन में उनकी वीडियो बनानी शुरू कर दी. सलमान ने आव देखा न ताव और उसका फोन छीन लिया. ऐसा कंप्लेंट में कहा गया था. उस आदमी ने डी.एन. नगर थाने में सलमान पर फोन छीनने और उनसे बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए कंप्लेंट दर्ज करवाया था.
गलती मानने के बजाय सलमान के बॉडीगार्ड ने उस आदमी के खिलाफ भी मामला दर्ज करवा दिया. आरोप लगाया कि सलमान से परमिशन लिए बिना, वो आदमी उनका वीडियो निकाल रहा था. वहीं वीडियो बनाने वाले शख्स का कहना था कि उसने सलमान के बॉडीगार्ड लोगों से इस बात की परमिशन ली थी. मामला कैसे निपटा, पता नहीं. देखते हैं कि इस बार सलमान अपने कारनामे के लिए माफी मांगते हैं या नहीं.
Video : रवीना टंडन और फरहा खान के खिलाफ ईसाईयों को आहत करने का मामला दर्ज था, अब राहत मिली





















