The Lallantop

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को पेड़ से बांध कर पीटा, कहा- बच्चों को खाने में अंडा नहीं देती थी

Odisha Balasore Video: इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक महिला पेड़ से बंधी हुई दिख रही है. बताया जा रहा है कि आंगनवाड़ी में काम करने वाली इस महिला को गांव की महिलाओं ने पकड़ कर पीटा.

Advertisement
post-main-image
घटना बालासोर के सिलांग पुलिस थाना इलाके की है. (फोटो: आजतक)
author-image
अजय कुमार नाथ

ओडिशा के बालासोर में एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को पेड़ से बांधकर पीटे जाने की खबर है. बताया जा रहा है कि आंगनवाड़ी में काम करने वाली इस महिला को गांव की महिलाओं ने पीटा. गांव के लोगों ने महिला कार्यकर्ता पर आंगनवाड़ी में आने वाले बच्चों को खाना नहीं देने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों के मुताबिक वो बच्चों को रोज का खाना, खासकर अंडा नहीं देती थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक के अजय कुमार नाथ की रिपोर्ट के मुताबिक घटना बालासोर के सिलांग पुलिस थाना इलाके की है. यहां एक आंगनवाड़ी केंद्र में काम करने वाली उर्मिला सामल को 19 सितंबर के दिन पेड़ से बांधकर पीटा गया. इस घटना से जुड़ा जो वीडियो सामने आया है, उसमें एक महिला पेड़ से बंधी दिख रही है. उसके आसपास कई और महिलाएं खड़ी नज़र आ रही हैं.

19 सितंबर को उर्मिला रोज की तरह अपना काम कर रही थीं. तभी गांव की कुछ महिलाओं ने उर्मिला को घेर लिया. गांव की महिलाओं ने उर्मिला पर अपने काम न करने का आरोप लगाया. आरोप है कि गांव की ही महिलाओं ने उर्मिला को आंगनवाड़ी केंद्र के बाहर एक पेड़ से बांधकर पिटाई की. 

Advertisement
Anganwadi worker
(फोटो: आजतक)

रिपोर्ट के मुताबिक आंगनवाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों की माताएं खाने में कथित अनियमितताओं को लेकर नाराज़ थीं. एक महिला ने कहा,

"वो हमारे बच्चों को नियमित रूप से अंडे नहीं दे रही है और हमने इस बारे में पहले भी शिकायत की थी." 

एक ग्रामीण ने दावा किया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने इससे पहले अज्ञात कारणों से एक बच्चे को आंगनवाड़ी केंद्र के अंदर बंद कर दिया था. 

Advertisement

इस पूरे मामले की सूचना मिलते ही बलियापाल की बाल विकास परियोजना अधिकारी पारबती मुर्मु घटनास्थल पर पहुंचीं. उन्होंने गांव के लोगों को शांत कराया और उर्मिला सामल को बचाया. उर्मिला को इलाज के लिए पहले पास के अस्पताल ले जाया गया था. बाद में उनकी हालत देखते हुए उन्हें बालासोर जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया.  

इस घटना को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. बालासोर की SP सागरिका नाथ ने आजतक को फोन पर बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी SDM से मिली थी. पूरा विवाद खाने को लेकर हुआ था. अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही कार्रवाई की जाएगी.

वीडियो: लखीमपुर: चोरी के शक में Dalit नाबालिग को 5 दिनों तक पीटा

Advertisement