The Lallantop

Coldplay के कॉन्सर्ट के टिकट के लिए मची हायतौबा पर अखिलेश यादव का पोस्ट वायरल

Akhilesh Yadav ने सरकार से अवैध टिकट बिक्री और नकली टिकट रैकेट पर कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि ऐसे असली फ़ायदा बिचौलिये कूट लेते हैं और कलाकारों के अधिकारों का हनन होता है.

Advertisement
post-main-image
अखिलेश यादव ने कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट टिकट पर सवाल उठाए हैं.

देश का सबसे ताज़ा-तरीन कीवर्ड है, कोल्डप्ले (Coldplay). किसी को टिकट चाहिए, किसी को अवैध टिकट बेचना है, किसी को इस पर वीडियो बनाकर व्यूज़ जोड़ने हैं. सार्वभौमिक मुनाफ़े के बीच उत्तर प्रदेश के पूर्व-मुख्यमंत्री, कन्नौज से सांसद और ‘समाजवादी’ अखिलेश यादव का कहना है कि मनोरंजन पर सबका बराबर हक़ होना चाहिए. अगर केवल कुछ अमीरों के लिए है, तो व्यवसाय-भर है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

साथ ही उन्होंने सरकार से अवैध टिकट बिक्री और नकली टिकट रैकेट पर कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि ऐसे असली फ़ायदा बिचौलिये कूट लेते हैं और कलाकारों के अधिकारों का हनन होता है. उन्होंने अपने X अकाउंट पर लिखा,

"... बुकिंग खुलते ही कुछ समय में ही सारी टिकटों का बुक हो जाना और फिर उन टिकटों का बीसों-पचासों गुना दाम पर लाखों में, ब्लैक में बेचे जाने की ख़बर का फैलना शासन-प्रशासन के स्तर पर एक चुनौती है.

क्या देश में सरकार नाम की कोई चीज़ नहीं है, जो इस तरह की अवैधानिक बिक्री और नक़ली टिकटों की धांधली पर रोक लगाए? ये बात सही है कि कलाकारों को उनकी कला का सही मानदेय मिलना चाहिए, लेकिन ऐसे माहौल में असली कमाई बिचौलिए करते हैं, जिससे एक तरफ़ कलाकारों का हक़ मारा जाता है, तो दूसरी तरफ़ सरकार को मिलनेवाला टैक्स भी."

Advertisement

इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि अगर कला सिर्फ़ कुछ लोगों की क्रय-शक्ति के दायरे में सिमट जाती है, तो फिर ये व्यवसाय भर रह जाती है.

ये भी पढ़ें - कौन है कोल्डप्ले, जिसकी वजह से इंडिया का सबसे बड़ा टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बैठ गया!

उन्होंने इसी सिलसिले में एक और टिप्पणी की, कि जिसके पास पैसे हैं, वही कला का ज्ञाता, मर्मज्ञ या सच में आनंद लेनेवाला हो, ऐसा ज़रूरी नहीं. ऐसे में कलाकारों को सच्चा सम्मान भी नहीं मिलता, न ही उनकी कला को यथोचित प्रशंसा.

Advertisement

दरअसल, कोल्डप्ले के मुंबई कॉन्सर्ट के लिए टिकटों की मांग ही मांग है. कुल डेढ़ लाख टिकट्स हैं. इसमें 1.3 करोड़ से ज़्यादा लोगों ने लॉग-इन किया. टिकट बुकिंग वेबसाइट BookMyShow के भारी ट्रैफ़िक के हर संभव प्रयास के बावजूद, ज़्यादातर लोग निराश ही लौटे. ऑब्वियसली.

ये भी पढ़ें - ये सब लोग 'कोल्डप्ले' का वीडियो काहे शेयर कर रहे हैं!

हालांकि, अनौपचारिक टिकटिंग प्लैटफ़ॉर्म ने कॉन्सर्ट के टिकटों की क़ीमत 7 लाख रुपये तक बताई है. इसी तरह, जो टिकट 4,000 में बिकने चाहिए, रिपोर्ट्स हैं कि वो साढ़े सात लाख में बेचे जा रहे हैं. ऐसे ही एक दूसरे यूज़र ने 12,500 वाले टिकट को सवा लाख में बेचा. लाउंज टिकट, जिनकी क़ीमत मूल रूप से 35,000 रुपये थी, उन्हें 1.01 लाख रुपये में बेचा जा रहा था.

मुंबई पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और उन्होंने अपनी विचित्र शैली में लिखा है,

"अपने टिकट के सपनों को 'ट्रबल' में न आने दें. ब्लैक मार्केट में खरीदना या बेचना आपके रोमांच के 'द हार्डेस्ट पार्ट' की ओर ले जा सकता है. 

जादुई अनुभव के लिए उचित जगह से टिकट ख़रीदें, हम सभी 'स्काई फुल ऑफ स्टार्स' के प्रदर्शन के हकदार हैं!"

तो, यहां ‘ट्रबल’, ‘द हार्डेस्ट पार्ट’ और ‘स्काई फुल ऑफ स्टार्स’ कोल्ड प्ले गानों के बोल हैं.

वीडियो: Coldplay बैंड के शोज की बुकिंग के लिए इतना ट्रैफिक आया कि क्रैश कर गया Book My Show!

Advertisement