सेंट्रल केन्या में एक बोर्डिंग स्कूल के हॉस्टल में आग लगने से कम से कम 17 छात्रों की मौत हो गई है. हादसे में 13 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं. पुलिस ने कहा है कि हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि बचे हुए लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है. उनकी हालत गंभीर हैं. मृतकों और पीड़ितों की पहचान और उम्र अभी तक सामने नहीं आई है. लेकिन कहा जा रहा है कि ज्यादातर बच्चे ही थे.
800 छात्रों वाले स्कूल में भीषण आग, कम से कम 17 बच्चों की मौत से केन्या में हाहाकार
मृतकों और पीड़ितों की पहचान और उम्र अभी तक सामने नहीं आई है. लेकिन कहा जा रहा है कि ज्यादातर बच्चे ही थे.


BBC न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक हादसा न्येरी काउंटी में हिलसाइड एंडाराशा प्राइमरी स्कूल में हुई है. इस स्कूल में पांच से 12 साल की उम्र के लगभग 800 छात्र पढ़ते हैं. पुलिस अधिकारी रेसिला ओन्यांगो ने बताया कि हादसा 5 सितंबर की रात को हुआ है. अभी आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. रेसिला ने आगे कहा,
"घटनास्थल पर बरामद शव इतने जल चुके थे कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी. घटनास्थल पर अभी एक सरकारी टीम भी मौजूद है."
घटना पर राष्ट्रपति विलियम रुटो ने X पर लिखा,
"न्येरी काउंटी में हिलसाइड एंडाराशा एकेडमी में आग की घटना में कई लोगों ने जान गवां दी. हमारी संवेदनाएं उन बच्चों के परिवारों के साथ हैं. यह विनाशकारी खबर है. हम जीवित बचे लोगों के जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं. मैं संबंधित अधिकारियों को घटना की जांच करने का निर्देश देता हूं. जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए सभी आवश्यक संसाधन जुटाए जा रहे हैं."
Kenya Red Cross ने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि कम से कम 11 घायल बच्चों को न्येरी प्रांतीय जनरल अस्पताल ले जाया गया है. X पर जारी एक बयान में कहा कि पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है. आगे लिखा,
“केन्या रेड क्रॉस छात्रों, टीचर्स और प्रभावित परिवारों को साइकोलॉजिकल सपोर्ट कर रहा है. हमने स्कूल में एक ट्रेसिंग डेस्क लगा ली है.”
रिपोर्ट के मुताबिक यह स्कूल राजधानी नैरोबी से लगभग 170 किमी उत्तर में स्थित है.
वीडियो: 'बंगाल की आग' वाले बयान पर Mamata Banerjee ने अब क्या सफाई दी?






















