क्यों रह गए नारद जी लाइफ टाइम सिंगल
क्यों हुए दक्ष गुस्सा और पा गए नारद श्राप.
Advertisement

फोटो - thelallantop
जब धरती पर जनता की कमी हो जाती थी, तब देवता लोग डिसाइड करते कि बहुत सारे बच्चे पैदा करेंगे. दक्ष प्रजापति ने पंचजन की बेटी असिंकी से हर्यश्व नाम के 10 हजार लड़के पैदा किए ताकि वे शादी-ब्याह करके सृष्टि को आगे बढ़ाएं. लड़कों ने पिता की आज्ञा मानी पर धार्मिक इंटरेस्ट की वजह से जंगल में चले गए तप करने. जब नारद ने देखा कि लड़के तप भी कर रहे हैं और शादी भी करेंगे, उनको बड़ा अजीब लगा. खुरपेच में माहिर तो थे ही. गए और लड़कों को तरह-तरह के ज्ञान और पहेलियों से भटका आए. लड़के शादी करने का प्लान छोड़ चले गए मोक्ष पाने वाले रस्ते पर. दक्ष प्रजापति को बड़ा दुख हुआ ये जानकर कि लड़कों ने बात नहीं मानी. खैर, फिर दक्ष ने असिंकी के साथ शबलाश्व नाम के एक हजार लड़के और पैदा किए और उनको भी वही चीज समझायी. नारद ने फिर लंगड़ी फंसा दी. लड़कों को बोला, असली भाई तो वही होते हैं, जो अपने बड़े भाइयों के दिखाए रास्ते पर चलें. बाकी लड़के भी नारद जी के दिखाए हुए रास्ते पर निकल पड़े. अब आया दक्ष को असली गुस्सा. फड़कते हुए होंठ और लाल आंखें लेकर पहुंचे नारद के पास. पहले तो फुर्सत से उनकी क्लास ली. फिर अपमान और वंश को खत्म करने के एटेम्पट के लिए दिया अखंड सिंगलत्व का शाप. तब से महर्षि नारद का कभी विवाह नहीं हुआ. (श्रीमद्भगवत महापुराण)
Advertisement











