The Lallantop

धर्मेंद्र के एक फोन की वजह से होते-होते रह गई थी हेमा-जीतेंद्र की शादी

धर्मेंद्र का एक चौचक किस्सा.

Advertisement
post-main-image
आम लोगों के साथ ही सितारों के दिलों पर भी राज करती थीं हेमा.

बॉलीवुड की 'बसंती' हेमा मालिनी के बारे में जितनी गॉसिप उनके एक्टिंग करियर लेकर हुई, उससे कहीं ज्यादा उनकी लव लाइफ को लेकर हुई. लेकिन उनकी शादी का किस्सा ऐसा है कि कभी पुराना नहीं होता. सिर्फ फैंस ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड के तीन बड़े स्टार 'ड्रीमगर्ल' के प्यार की गिरफ्त में थे. धर्मेंद्र, संजीव कुमार और जीतेंद्र. शादी तो हेमा की धर्मेंद्र से हुई, लेकिन ये मौका हासिल करने के चक्कर में संजीव और जीतेंद्र ने भी खूब पापड़ बेले. आज आपको इनकी शादी का किस्सा सुनाते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

संजीव कुमार हेमा से प्यार करते थे. ये वो दौर था जब चार बच्चों के पिता धर्मेंद्र और हेमा को लेकर खूब गॉसिप हो रही थी. लेकिन, इस रिश्ते के लिए न तो धर्मेंद्र का परिवार राजी था और न हेमा का. धर्मेंद्र शादीशुदा थे, इसलिए उनके परिवार के मानने का तो सवाल ही नहीं था और हेमा का परिवार भी धर्मेंद्र के शादीशुदा होने की वजह से ही इनके रिश्ते के खिलाफ था.


अपनी पत्नी प्रकाश और चारों बच्चों के साथ धर्मेंद्र
अपनी पत्नी प्रकाश और चारों बच्चों के साथ धर्मेंद्र

जब संजीव को लगा कि धर्मेंद्र और हेमा का रिश्ता आगे नहीं बढ़ पाएगा तो उन्होंने हेमा को शादी के लिए प्रपोज किया. खुद संजीव के मम्मी-पापा ये रिश्ता लेकर हेमा के घर गए थे. लेकिन, वहां पर हेमा की मम्मी ने फुल स्टॉप लगा दिया. बोलीं कि उनकी बेटी की उम्र अभी शादी लायक नहीं हुई है. संजीव को झटका तो लगा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. दूसरी बार उन्होंने अपने दोस्त जीतेंद्र को हेमा के पास भेजा. संजीव कुछ भी करके हेमा को यकीन दिलाना चाहते थे कि वही उनसे सबसे ज्यादा प्यार करते हैं.

जीतेंद्र के हेमा के पास जाने पर मामला और सीरियस हो गया. इस बार हेमा ने कहा कि वो संजीव को पसंद तो करती हैं, लेकिन उनसे शादी नहीं कर सकतीं. दो-दो बार न सुनने के बाद संजीव का दिल टूट गया. बताते हैं कि इसी वजह से संजीव बहुत शराब पीने लगे थे.

Advertisement

hema3

बॉलीवुडिया कहानियों में अक्सर ऐसा होता है कि आशिक की चिट्ठियां ले जाने वाले दोस्त की कहानी ही उस लड़की के साथ हैपी एंडिंग की तरफ बढ़ जाती है. जीतेंद्र ने शायद इस कहानी को दिल से लगा लिया. जब संजीव का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया तो जीतेंद्र ने हेमा को प्रपोज कर दिया. इस बार हेमा सोचने पर मजबूर हो गईं, क्योंकि उस समय उन्हें धर्मेंद्र के साथ अपने रिश्ते का कोई फ्यूचर नहीं दिख रहा था. कोई भी श्योर नहीं था कि शादीशुदा धर्मेंद्र से शादी के बाद उनका रिश्ता क्या मोड़ लेगा.


जीतेंद्र और हेमा की एक फिल्म आई थी 'दुल्हन'. फिल्म बनने के दौरान जीतेंद्र ने अपनी तरफ से खूब कोशिश की और फिल्म बनते ही अपने मम्मी-पापा के लेकर हेमा के घर पहुंच गए. हिंदी सिनेमा के दो बड़े सितारों के पैरंट्स जब बैठे बातें कर ही रहे थे, तभी हेमा के पास धर्मेंद्र का फोन आया. फिल्मी गलियारों में कहा जाता है कि उस दिन धर्मेंद्र ने बड़े गुस्से में हेमा से कहा कि चाहे जो फैसला लो, लेकिन उससे पहले एक बार मिल लो. इधर जीतेंद्र फिर इनसिक्योर हो गए. सोचने लगे कि बनी-बनाई बात कहीं बिगड़ न जाए. तो डिसाइड किया कि मंदिर में जाकर शादी कर लेंगे ताकि टंटा खत्म हो.

hema4

खैर, उस समय हेमा ने किसी तरह ब्रेक लगाया. इस बीच उनके पास लगातार धर्मेंद्र के फोन आ रहे थे. आखिरकार हेमा और जीतेंद्र की कहानी पर फुलस्टॉप लग ही गया. बाद में जीतेंद्र ने अपनी गर्लफ्रेंड शोभा से शादी कर ली थी. इधर हेमा धर्मेंद्र को एक्सेप्ट कर चुकीं थीं और लगातार अपने घरवालों को समझाने की कोशिश कर रही थीं. 1976 में एक मैगजीन को दिए इंटरव्यू में दोनों ने अपने रिश्ते को खुलकर स्वीकार भी किया. लेकिन, दिक्कत वही थी कि एक पत्नी के होते धर्मेंद्र दूसरी शादी कैसे कर लेते. दूसरी तरफ उनकी पहली पत्नी प्रकाश उन्हें तलाक देने को भी राजी नहीं थीं.

Advertisement

आखिरकार दोनों ने एक बेहद बोल्ड फैसला लिया. बताते हैं दोनों ने इस्लाम कबूल किया और गुपचुप निकाह कर लिया. 1980 में दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों से भी शादी की. तब धर्मेंद्र का पहला परिवार, जिसमें उनकी पत्नी प्रकाश, उनके बेटे सनी-बॉबी और दोनों बेटियां विजेता और अजीता एक घर में रहते थे, जबकि धर्मेंद्र हेमा के साथ दूसरे घर में. धर्मेंद्र और हेमा की दो बेटियां हुईं: ईशा और अहाना. ईशा ने बाद में बॉलीवुड में हाथ आजमाया और अहाना क्लासिकल डांसर हैं.


hema5
धर्मेंद्र, हेमा और उनकी दोनों बेटियां

उस वक्त की फिल्म मैगजीन बताती हैं कि धर्मेंद्र हर रोज प्रकाश के घर जरूर जाते थे अपने बच्चों से मिलने. खुद प्रकाश भी कहती थीं कि धर्मेंद्र अच्छे पति भले न साबित हुए हों पर अच्छे पिता जरूर थे. जो भी हो, पर धर्मेंद्र को हेमा से प्यार था और वो इस प्यार को अंजाम तक ले गए. हेमा अब अच्छा-खासा पॉलिटिकल करियर बना चुकी हैं और धर्मेंद्र भी अक्सर सुर्खियों में दिख जाते हैं.

Advertisement