The Lallantop

AAP जॉइन करने के कुछ ही घंटों के भीतर इन पांच लोगों को दिल्ली चुनाव का टिकट भी मिल गया!

अरविंद केजरीवाल ने ख़ुद जॉइन करवाई थी पार्टी

Advertisement
post-main-image
ये हैं वो पांच कैंडिडेट जिन्होंने टिकट की लड़ाई अंतिम दिन जीती है. पार्टी में शामिल होने के कुछ ही घंटों में इन पांचों को आम आदमी पार्टी ने टिकट दे दिया

दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP, बीजेपी और कांग्रेस में त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं. चुनाव के लिए AAP ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. पार्टी ने 46 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है. वहीं, नौ सीटों पर नए उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है. आठ महिलाओं को टिकट दिया गया है. आम आदमी पार्टी ने अपनी प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की, तो उसमें वो पांचों नाम थे, जिन्होंने पिछले ही दिन पार्टी जॉइन की थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

14 जनवरी की देर शाम अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट किया. ट्वीट में बताया कि आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव की प्रत्याशी लिस्ट फ़ाइनल कर दी है. साथ में प्रत्याशियों के नाम की लिस्ट भी थी.

Advertisement

पार्टी प्रमुख का लिस्ट जारी करना कोई नई बात नहीं है. लिस्ट जारी होने से एक दिन पहले का सोशल मीडिया. अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी का सोशल मीडिया हमेशा की तरह चौकस. 13 जनवरी को अरविंद केजरीवाल ने धडाधड़ पांच ट्वीट किए. लिस्ट जारी करने से कुछ घंटे पहले.

सारे ट्वीट कुछ लोगों के पार्टी में शामिल होने को लेकर थे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने कुछ लोगों को पार्टी जॉइन कराई. केजरीवाल ने सबकी जानकारी एक-एक कर ट्विटर से दे दी.

# लेकिन अगले ही दिन

Advertisement

और जब अगले दिन यानी, 14 जनवरी को आम आदमी पार्टी ने अपनी प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की, तो उसमें वो पांचों नाम थे, जिन्होंने पिछले ही दिन पार्टी जॉइन की थी.

ये हैं वो विधानसभा क्षेत्र और वो प्रत्याशी जिन्हें पार्टी जॉइन करने के कुछ ही घंटों के भीतर टिकट मिल गया.

इसमें हरिनगर वॉर्ड से कांग्रेस पार्टी की पूर्व पार्षद राजकुमारी ढिल्लों, पूर्व कांग्रेस नेता और समाजसेवी नवीन चौधरी (दीपू),  रोहिणी वॉर्ड से पार्षद जय भगवान उपकार, कांग्रेस की ओर से पालम सीट से चुनाव लड़ चुके विनय कुमार मिश्र और बदरपुर से दो बार विधायक रहे राम सिंह शामिल हैं.

# हरिनगर विधानसभा सीट

दिल्ली की हरिनगर विधानसभा सीट से 2015 में AAP के जगदीप सिंह विधायक बने थे. उन्होंने बीजेपी के अवतार सिंह को करीब 26 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था. इस बार आम आदमी पार्टी ने यहां से राजकुमारी ढिल्लों को प्रत्याशी बनाया है.

# गांधी नगर विधानसभा सीट

आम आदमी पार्टी ने गांधी नगर से नवीन चौधरी (दीपू) को उम्मीदवार बनाया है. 2015 के विधानसभा चुनाव में AAP के उम्मीदवार अनिल कुमार वाजपेयी यहां से 7 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की थी. हालांकि, 2019 लोकसभा चुनाव से पहले अनिल कुमार वाजपेयी ने AAP का साथ छोड़ BJP का दामन लिया था.

# बवाना विधानसभा सीट

आम आदमी पार्टी ने बवाना से जय भगवान उपकार को उम्मीद बनाया है. 2015 के चुनाव में यहां से आम आदमी पार्टी के वेद प्रकाश ने जीत हासिल की थी. ये विधानसभा सीट वेद प्रकाश के इस्तीफे के बाद खाली हो गई थी. इसके बाद 2017 में हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के राम चंदर ने बाजी मारी थी.

# द्वारका विधानसभा सीट

द्वारका विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने विनय कुमार मिश्र को प्रत्याशी बनाया है. विनय कुमार मिश्र पूर्व सांसद महाबल मिश्र के बेटे हैं. इस सीट पर 2015 में AAP के आदर्श शास्त्री ने विधायक की कुर्सी पर कब्जा जमाया था.

# बदरपुर विधानसभा सीट

आम आदमी पार्टी ने बदरपुर विधानसभा सीट से राम सिंह नेता जी को टिकट दिया है. पिछले चुनाव में यहां से AAP के नारायण दत्त शर्मा ने बाजी मारी थी. वैसे इस सीट से राम सिंह नेता जी दो बार विधायक रह चुके हैं.

# क्या रहेगा असर?

 

प्रत्याशियों की लिस्ट फाइनल किए जाने से ठीक पहले AAP में इन पांचों का शामिल होना क्या पार्टी को फायदा पहुंचाएगा? क्योंकि इन पांचों सीटों पर आम आदमी पार्टी ने आख़िर तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया. पांचों सीटें टक्कर की थीं. जैसे बदरपुर से पार्टी ने अपने विधायक का टिकट काट दिया. नारायण दत्त शर्मा लगातार टिकट की लड़ाई में थे. लेकिन पार्टी ने राम सिंह नेता जी का टिकट पक्का किया. पहले पार्टी जॉइन कराई और अगले दिन टिकट की घोषणा कर दी. बाक़ी चार सीटें भी तकनीकी तौर पर ऐसे ही फंसी थीं. पार्टी ने पांचों सीटों पर जिस तरह से चक्रव्यूह बनाया है, बीजेपी और कांग्रेस को इससे पार पाने की रणनीति बनानी होगी.

दिल्ली में 8 फरवरी को वोटिंग होगी, जबकि 11 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे. नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 जनवरी है. नॉमिनेशन की जांच 22 जनवरी को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 24 जनवरी है.


वीडियो देखें:

योग गुरु रामदेव ने अर्थव्यवस्था, GDP, GST और दीपिका पर क्या बोल दिया?

Advertisement