किसी औरत से उसकी उम्र पूछिए, ताकि आपको पता चल सके कि कितना वक्त उसने खुद को ढंकने, छुपाने में गुजार दिया.एक लड़की से उसकी उम्र जरूर पूछिए ताकि आप ठीक-ठीक अनुमान लगा सकें कि उसने कितना वक़्त खुद को ढंकते, कितना वक़्त अपने अंतर्वस्त्रों को पेटीकोट के नीचे छिपाकर सुखाने में बिता दिया. एक लड़की से उसकी उम्र जरूर पूछिए ताकि आप गिन सकें कि कितनी लाख रोटियां उसने आंच पर पलटी हैं, आपको ये विश्वास दिलाते हुए कि आपके दिल का रास्ता आपके पेट से ही होकर जाता है. उसकी उम्र जरूर पूछिए जिससे आपको पता चल सके कि स्वीकार्य बनने के लिए उसने कब लगाया अपना पहला फेसपैक, कब उसने फैसला लिया कि सीमित आय को दूध-फल में नहीं, फेशियल में लगाना है क्योंकि आपको स्वस्थ नहीं, सुंदर स्त्री चाहिए थी.
किसी औरत से उसकी उम्र जरूर पूछिए क्योंकि आपको स्वस्थ नहीं सुन्दर स्त्री चाहिए.उसकी उम्र पूछिए ताकि आप जान सकें कि उसने किस उम्र में बग़ावत की, कब घर से भाग गई, कब उसने पहली बार आत्महत्या कि कोशिश की. उसकी उम्र जानकर अनुमान लगाइए कि कितनी बातें उसने आपसे नहीं कहीं. दहेज मांगने, बहू को जलाने वाली सास से उसकी उम्र पूछिए, पूछिए वो क्या उम्र थी जब उसने बहू होना बंद कर दिया. उसके हर जन्मदिन पर उसकी उम्र पूछिए. जन्मदिन न हो तब भी पूछिए. क्योंकि जिस वक़्त आप उसकी उम्र नहीं भी पूछते हैं, वो बुढ़ा रही होती है. उस दौरान भी उसकी उम्र बढ़ रही होती है जब उसकी झाइयां छिपाने की नई क्रीम की मार्केटिंग कैसे हो, इसपर कुछ लोग एक बंद कमरे में चर्चा कर रहे होते हैं.
घंटे भर के लिए मिलने वाली सेक्स वर्कर की उम्र पूछिए.धब्बे छिपाने की क्रीम खरीदती औरत की उम्र पूछिए, लोकल ट्रेन लेकर रोज 60 किलोमीटर ट्रेवल कर नौकरी करने वाली औरत की उम्र पूछिए. अपनी पत्नी की उम्र पूछिए, मां की पूछिए, बहन की उम्र पूछिए, अनजान लड़कियों की उम्र पूछिए, अभिनेत्रियों, खिलाड़ियों, एडल्ट फ़िल्में करने वाली अपनी पसंदीदा औरतों की उम्र खोजिए. लड़कियों से उनकी उम्र पूछिए ताकि उनके अफ़सोस और उनकी गलतियां आप गिन सकें. वो फैसले गिन सकें जो उन्होंने नहीं लिए. वो वाकये गिन सकें जब वे नहीं रोयीं, नहीं मरीं, घर ने नहीं भागीं. एक दिन वो आपको बताएंगी कि वे कितने हजार साल की हो चुकी हैं.
वीडियो देखें: सोनू निगम ने अनु मलिक को सपोर्ट किया तो चिढ़ गईं सोना महापात्रा
























