तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता हुमायूं कबीर ने 11 फरवरी से मुर्शिदाबाद में नई बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान किया था. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कयामत के दिन तक बाबरी मस्जिद के ढांचे का पुनर्निमाण नहीं होगा और इसका सपना देखने वाले ‘सड़-गल’ जाएंगे.
'बाबरी मस्जिद फिर बनने का सपना देखने वाले सड़ेंगे-गलेंगे', सीएम योगी और भी बहुत कुछ बोले
TMC के पूर्व विधायक Humayun Kabir ने दावा किया है कि वो 11 फरवरी से मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का पुनर्निमाण करवाएंगे. वहीं Uttar Pradesh के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने कहा है कि कयामत के दिन तक बाबरी मस्जिद के ढांचे का दोबारा निर्माण नहीं होगा.


उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में 10 फरवरी को एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यानाथ ने कहा,
जो लोग ऐसे सपने देखते हैं, उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा. कयामत के दिन तक बाबरी के ढांचे का पुनर्निमाण नहीं होगा. जो लोग कयामत के दिन का सपना देख रहे हैं, वे सड़-गल जाएंगे. वह दिन कभी आने वाला नहीं है.
इसके साथ ही अपनी स्पीच में योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा,
हम लोगों ने कहा था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे. बन गया है न वहीं पर मंदिर. आज मंदिर अपने निर्धारित स्थान पर बन चुका है.
सीएम योगी ने कहा कि संकट आने पर कुछ लोगों को राम याद आते हैं. बाकी समय वे राम को भूल जाते हैं. इसलिए भगवान राम भी उन्हें भूल चुके हैं. उन्होंने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाने वालों और रामकाज में बाधा डालने वालों के लिए कोई जगह नहीं बची है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर बोलते हुए कहा,
कायदे से रहना सीखो तो फायदे में रहोगे नहीं तो रास्ता जहन्नुम की ओर जाता है. कानून तोड़कर जन्नत जाने का सपना देखने वालों को सपना कभी पूरा नहीं होगा.
बाराबंकी में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और सनातन एक दूसरे के पूरक हैं. दोनों को अलग करके नहीं रखा जा सकता है. उन्होंने आगे दावा किया,
वर्तमान में आप देख रहे होंगे कि दुनिया भर से सनातन पर, भारत पर और भारतीयता पर अंदर और बाहर से प्रहार हो रहे हैं. इन प्रहारों से हमें सजग रहना होगा, सचेत रहना होगा. जिनको भारत का विकास अच्छा नहीं लग रहा है, जिनको विकसित भारत की संकल्पना पचती नहीं है, वे लोग साजिश में जुटे हुए हैं.
हिंदूवादी संगठनों को मुर्शिदाबाद कूच से रोका
10 फरवरी को लखनऊ में कई हिंदूवादी संगठनों से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता जमा हुए थे. ये सभी काफिले के साथ पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जा रहे थे, जहां विधायक हुमायूं कबीर ने 11 फरवरी से बाबरी मस्जिद के निर्माण की बात की है. मगर लखनऊ पुलिस ने इस काफिले को रोक दिया.
वीडियो: यूपी पुलिस पर सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान, जीरो-टॉलरेंस पर क्या बोले?

















.webp?width=120)
.webp?width=120)

