The Lallantop

वंदे भारत ट्रेन का खाना खाकर सूजे होंठ? महिला ने तस्वीर डाली, IRCTC का जवाब आया

देश की सबसे प्रीमियम ट्रेनों में गिने जाने वाले वंदे भारत ट्रेन के खाने की क्वालिटी एक बार फिर से सवालों के घेरे में है. आयुषी सिंह नाम की एक महिला ने खाने की क्वालिटी को लेकर शिकायत की है. उनका आरोप है कि इस खाने से उनको गंभीर किस्म की एलर्जी हो गई और उनके बेटे को दस्त आने लगे.

Advertisement
post-main-image
महिला ने सूजे होंठ और डॉक्टर की पर्ची की फोटो शेयर की है. (एक्स)

देश की सबसे प्रीमियम ट्रेनों में शुमार वंदे भारत एक्सप्रेस में खाने की क्वालिटी सवालों के घेरे में है. वाराणसी से देवघर जा रही एक महिला यात्री का आरोप है कि ट्रेन में मिला खाना खाने के चलते उनको ‘सीरियस एलर्जी’ हो गई, जबकि उनके दो साल के बेटे को दस्त आने शुरू हो गए. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रांची की रहने वाली आयुषी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके ये दावे किए हैं. उन्होंने बताया कि वह 27 मार्च को ट्रेन नंबर 22500 वंदे भारत एक्सप्रेस से वाराणसी से देवघर जा रही थीं. कोच E1 में ट्रैवल कर रही थीं. आयुषी के मुताबिक जैसे ही उन्होंने ट्रेन में परोसा हुआ खाना खाया, कुछ ही देर में उनके होंठ सूज गए और बॉडी में एलर्जी के लक्षण दिखने लगे.

उन्होंने एक्स पर अपनी तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें उनको होंठ काफी सूजे हुए दिख रहे हैं. साथ में उन्होंने डॉक्टर का प्रिस्क्रिप्शन (पर्ची) भी शेयर किया है, जिसमें ट्रीटमेंट के डिटेल्स हैं. उनका कहना है कि अगर समय पर इलाज नहीं मिलता तो उनकी हालत और बिगड़ सकती थी.

Advertisement

बच्चे की भी हालत बिगड़ी

आयुषी सिंह ने बताया कि उनके साथ यात्रा कर रहा दो साल का बेटा भी ट्रेन के खाने से बीमार हो गया. बच्चे को सफर के दौरान ही दस्त आने शुरू हो गए. जिससे उसको काफी परेशानी झेलनी पड़ी. 

आयुषी ने बताया कि 24 घंटे के भीतर अस्पताल जाकर उन्होंने इलाज कराया, तब जाकर दोनों की हालत में सुधार हुआ. इसके अलावा उन्होंने ट्रेन में दिए जाने वाले पीने के पानी की क्वालिटी पर भी सवाल उठाया हैं. उनके मुताबिक पानी का स्वाद ‘बेहद असामान्य’ था.

Advertisement
AAYUSHI POST
महिला ने एक्स पर ट्रेन के खाने की शिकायत की है. (एक्स)

IRCTC ने क्या जवाब दिया है?

आयुषी सिंह के एक्स पोस्ट पर IRCTC का जवाब आया है. उसने सफाई देते हुए कहा कि उस रात वंदे भारत के ट्रेन नंबर 22500 के E1 कोच में दिए गए खाने के क्वालिटी की जांच की गई थी. जांच में खाने की क्वालिटी संतोषजनक पाई गई है. किसी और यात्री की ओर से इस खाने की क्वालिटी को लेकर कोई शिकायत नहीं आई है.

IRCTC
IRCTC ने महिला की शिकायत पर जवाब दिया है. (एक्स)

हालांकि आयुषी IRCTC की सफाई से संतुष्ट नहीं दिखीं. उन्होंने कहा कि भले ही खाने से कोई और बीमार नहीं हुआ. लेकिन वह और उनका बेटा इससे प्रभावित हुए हैं. इसके बाद IRCTC ने डायरेक्ट मैसेज के जरिए उनसे पूरी डिटेल मांगी है और मामले में जांच का भरोसा भी दिया है.

वीडियो: शिवम दुबे ट्रेन के 3rd AC कोच में, T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद ये क्या किया?

Advertisement