The Lallantop

सियासत से दूर, फिटनेस और लग्जरी कारों के शौकीन, किंगसाइज थी प्रतीक यादव की लाइफस्टाइल

Prateek Yadav Death: सियासत से दूर रहकर और कारोबार करते हुए प्रतीक यादव को लग्जरी लाइफ जीना पसंद था. 2017 में उन्होंने नीले रंग की चमचमाती लैंबॉर्गिनी कार भी खरीदी थी. उनके शरीर पर कई टैटू थे, जिनके जरिए वे अपनी सोच जाहिर करते थे.

Advertisement
post-main-image
प्रतीक यादव एनिमल वेलफेयर से जुड़ी NGO चलाते थे. (instagram.com/iamprateekyadav)

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (SP) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है. प्रतीक केवल 38 साल के थे. उनका ताल्लुक  देश के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक घरानों में से एक से था. इसके बावजूद प्रतीक ने कभी पॉलिटिक्स का रुख नहीं किया. एनमिल लवर प्रतीक की फिटनेस और रियल एस्टेट में ही दिलचस्पी रही. उन्हें दुनिया घूमना और अलग-अलग एडवेंचर करना भी काफी पसंद था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

प्रतीक यादव को बुधवार, 13 मई की सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी मौत के कारण का अभी पता नहीं चला है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा. 38 वर्षीय प्रतीक काफी समय से बीमार थे. कुछ दिन पहले उनका इलाज लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में चला था.

प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. मुलायम की पहली पत्नी का नाम मालती देवी था, जिनके बेटे अखिलेश यादव हैं. पिता की सियासी विरासत अखिलेश ने संभाली, जबकि प्रतीक ने अलग राह चुनी. पॉलिटिक्स से इतर प्रतीक रियल एस्टेट, जिम और एनिमल वेलफेयर से जुड़ी संस्थाओं के साथ मिलकर काम करते थे.

Advertisement
अपर्णा यादव से शादी

2011 में प्रतीक की शादी अपर्णा यादव से हुई. कपल की दो बेटियां हैं. अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं. प्रतीक और अपर्णा के बीच अनबन की खबरें भी आई थीं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी शेयर किया था,  लेकिन बाद में प्रतीक ने कहा कि दोनों के बीच सबकुछ सुलझ गया है.

UK से पढ़ाई, बिजनेस में आजमाया हाथ 

प्रतीक यादव का जन्म 7 जुलाई, 1987 को लखनऊ में हुआ था. लखनऊ से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने यूनाइटेड किंगडम (UK) का रुख किया. UK की लीड्स यूनिवर्सिटी से उन्होंने मैनेजमेंट की डिग्री हासिल की. वापस भारत आए, तो लगा कि प्रतीक भी अन्य राजनीतिक शख्सियतों की संतानों की तरह राजनीति के मैदान में उतरेंगे. लेकिन ऐसा हुआ नहीं.

जिम लवर प्रतीक

प्रतीक एक फिटनेस फ्रीक और बॉडी बिल्डर थे. आजतक की खबर के मुताबिक, एक समय पर उनका काफी वजन था. लेकिन उन्होंने जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन के जरिए ना केवल वजन कम किया, बल्कि अपनी बॉडी भी बनाई. वे लखनऊ में ‘द फिट वर्ल्ड’ के नाम से एक मॉडर्न जिम भी चलाते थे.

Advertisement
Prateek Yadav Gym
(instagram.com/iamprateekyadav)

2012 में उन्हें एक मैगजीन ने 'द इंटरनेशनल ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ द मंथ' का खिताब दिया था. प्रतीक के इंस्टाग्राम पर उनके वर्कआउट के फोटो-वीडियो देखे जा सकते हैं.

रियल एस्टेट और NGO

प्रतीक यादव का रियल एस्टेट का भी कारोबार था. वे 'जीव आश्रय' नाम का NGO भी चलाते थे, जो जानवरों की भलाई के लिए काम करता है. 2025 में आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उन्होंने चिंता जताई थी. प्रतीक अक्सर एनिमल केयर के पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर करते थे.

parteek yadav
राम मंदिर में अपर्णा यादव (दाएं से दूसरी) के साथ प्रतीक यादव. (instagram.com/iamprateekyadav)

सियासत से दूरी और कारोबार से लगाव के अलावा उन्हें लग्जरी लाइफ जीना पसंद था. 2017 में उन्होंने नीले रंग की चमचमाती लैंबॉर्गिनी कार भी खरीदी थी. उनके शरीर पर कई टैटू थे, जिनके जरिए वे अपनी सोच जाहिर करते थे. अखिलेश यादव भले ही अभी तक राम मंदिर ना गए हों, लेकिन 2024 में प्राण प्रतिष्ठा के समय प्रतीक यादव राम मंदिर गए थे. उनके साथ उनकी पत्नी अपर्णा यादव भी थीं.

वीडियो: शुभेंदु अधिकारी के पिए की हत्या का आरोपी राज सिंह CM Yogi के मंत्री का करीबी निकला?

Advertisement