11 जनवरी, 2026 को उत्तर प्रदेश के फ़िरोज़ाबाद के एक गांव में दो पक्षों के बीच अयोध्या स्थित राम मंदिर पर विवाद खड़ा हो गया (Ayodhya Ram Mandir row). देखते ही देखते पथराव शुरू हुआ जिसके बाद मामला गंभीर हो गया. एक तरफ बजरंग दल के कार्यकर्ता थे और दूसरी तरफ गांववाले. बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को खेतों में भागकर जान बचानी पड़ी. घटना के बाद मौके पर पुलिस की तैनाती बनी हुई है.
राम मंदिर पर आपत्तिजनक पोस्ट, विरोध करने गए बजरंग दल वालों को पीटा, खेतों में घुसकर जान बचाई
उत्तर प्रदेश के फ़िरोज़ाबाद में 'राम मंदिर' को लेकर बजरंग दल और गांव वालों के बीच विवाद हुआ. विवाद एक सोशल मीडिया पोस्ट पर शुरू हुआ था जो बाद में बढ़कर हिंसक हो गया.


दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक़, डौरी गांव के निवासी राशिद ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट किया. पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘जिस दिन भारत में मुस्लिम प्रधानमंत्री बनेगा, उस दिन राम मंदिर को तोड़ दिया जाएगा’. विवादित टिप्पणी की वजह से पोस्ट वायरल हुआ. जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इस पोस्ट को देखा तो उन्होंने प्रदर्शन करने का फैसला किया. रविवार दोपहर 12 बजे बजरंग दल के जिलाध्यक्ष शुभम प्रताप सिंह के नेतृत्व में कुछ कार्यकर्ता मोटरसाइकिल लेकर गांव पहुंचे.
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर बात चल रही थी. लेकिन तभी कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया. उनमें महिलाएं भी शामिल थीं. जिसके बाद विवाद बढ़ा और पथराव शुरू हो गया. कार्यकर्ताओं को जान बचाकर खेतों की ओर भागना पड़ा. रिपोर्ट के मुताबिक़, मौके पर पुलिस मौजूद थी लेकिन घटना के बाद पुलिस को भी जान बचाकर भागना पड़ा.
जब मामला बिगड़ने लगा तो पुलिसकर्मियों ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया. रजावली थाने से पुलिस फोर्स भेजी गई जिसके बाद मामला शांत हुआ. टूंडला के सीओ अमरीश कुमार भी घटना पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. एएसपी रविशंकर प्रसाद ने वीडियो साझा करते हुए मामले की जानकारी दी. उन्होंने कहा,
डौरी गांव नारखी क्षेत्र का मामला है. दो पक्षों के बीच वाद-विवाद और कहासुनी हुई है. जिसमें एक पक्ष की तरफ से सोशल मीडिया पोस्ट पर आपत्तिजनक पोस्ट किया गया. दूसरा पक्ष गांव पहुंचा और मौके पर बाइक छोड़कर चला गया. हम दोनों पक्षों की बातों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रहे हैं.
घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता नारखी थाना पहुंचे. पुलिस ने बताया कि पथराव में कुल 3 लोग घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. घटना के बाद भी पुलिस बल मौके पर ही तैनात हैं. पुलिस ने बताया कि आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: राम मंदिर फैसला, जस्टिस वर्मा, PM मोदी और उमर खालिद... पूर्व CJI चंद्रचूड़ से सब पर सवाल पूछे गए














.webp?width=275)
.webp?width=120)


.webp?width=120)

