The Lallantop

रामलीला में 'रावण' पर चलाया तीर आंख में जाकर लगा, 'राम' के खिलाफ SC/ST एक्ट का मुकदमा दर्ज

UP Sonbhadra News: रावण की भूमिका निभाने वाले कलाकार का कहना है कि उनकी एक आंख की रोशनी पुरी तरह चली गई है और दूसरी आंख से भी ठीक से दिखाई नहीं देता है. उन्होंने राम बने कलाकार और आयोजकों पर गाली देने और धमकाने का भी आरोप लगाया है.

Advertisement
post-main-image
रामलीला की सांकेतिक तस्वीर. (Photo: file/ITG)

रामलीला में राम ने रावण को मारने के लिए तीर चलाई, लेकिन तीर रावण का किरदार निभा रहे कलाकार की आंख में जा लगी. जिसकी वजह से उस शख्स की आंख में गंभीर चोट आई. उसकी एक आंख की रोशनी चली गई. मामला दो महीने पुराना है, लेकिन इस पर अब जाकर SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पूरा मामला उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के खैरा गांव का है. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार यहां 13 नवंबर 2025 को रामलीला चल रही थी. राम का किरदार निभा रहे नैतिक पांडेय नाम के कलाकार को तीर से रावण बने सुनील कुमार का मुकुट गिराना था. लेकिन निशाना नहीं लगा और तीर जाकर कथित तौर पर सुनील की आंख में लग गया.

पैसे मांगने पर धमकाने का आरोप

इसके बाद रावण बने सुनील को इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी एक आंख की रोशनी चली गई. पीड़ित सुनील का आरोप है कि उन्होंने अपने इलाज के लिए रामलीला के आयोजकों और राम का किरदार निभा रहे कलाकार से मदद मांगी थी, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वह मदद मांगने गए थे तो उन्हें गाली देकर और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया था.

Advertisement

इसके बाद पीड़ित सुनील ने मामले की शिकायत पुलिस में करने का फैसला किया. उन्होंने भास्कर को बताया कि इलाज के चलते वह तुरंत थाने नहीं जा सके, इसलिए दिसंबर के पहले हफ्ते में जाकर उन्होंने थाने में शिकायत दी. हालांकि उनका कहना है कि प्रशासनिक देरी के कारण उनका मुकदमा अब जाकर दर्ज हुआ है. उन्हें 28 जनवरी को पता लगा कि उनकी शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है.

यह भी पढ़ें- लखनऊ के स्कूल में 5वीं के छात्र की बेरहमी से पिटाई, जूते की एड़ी चेहरे पर रगड़ी, एक आंख की रोशनी गई

फिलहाल पीड़ित का कहना है कि उनकी एक आंख की रोशनी पुरी तरह चली गई है और दूसरी आंख से भी ठीक से दिखाई नहीं देता है. वहीं राम की भूमिका निभाने वाले नैतिक पांडेय का कहना है कि यह एक हादसा था. उन्हें और कमेटी के लोगों को कहा गया था कि इसमें उनकी कोई गलती नहीं है. उन्हें FIR दर्ज होने की जानकारी भी नहीं थी. 

Advertisement

वीडियो: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने यूपी पुलिस और सतुआ बाबा के बारे में क्या बताया?

Advertisement