The Lallantop

क्लास में लड्डू खाकर बेसुध हुई छात्रा से स्कूल के पास गैंगरेप, प्रेग्नेंसी से पता चला

Deoria Class 8 girl gang raped: घटना पिछले साल नवंबर में हुई थी. आरोपियों ने गैंगरेप का वीडियो भी बनाया था. उन्होंने पीड़िता को धमकी दी थी कि वह इसके बारे में किसी को ना बताए वर्ना वीडियो वायरल कर दिया जाएगा.

Advertisement
post-main-image
देवरिया में एक स्कूली छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. (फोटो-सांकेतिक फोटो)

उत्तर प्रदेश के देवरिया में आठवीं क्लास की छात्रा की प्रेग्नेंसी ने उसके साथ हुए कथित गैंगरेप का मामला उजागर कर दिया. आरोप है कि नाबालिग छात्रा के साथ स्कूल के पास एक घर में सामूहिक बलात्कार किया गया था. इसमें एक वयस्क व्यक्ति के शामिल होने का भी संदेह है. अब लड़की के गर्भवती होने की पुष्टि की गई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे/आजतक से जुड़े राम प्रताप सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक घटना पिछले साल नवंबर में हुई थी. आरोपियों ने गैंगरेप का वीडियो भी बनाया था. उन्होंने पीड़िता को धमकी दी थी कि वह इसके बारे में किसी को ना बताए वर्ना वीडियो वायरल कर दिया जाएगा.

इसके बाद पीड़िता कई हफ्तों चुप रही. लेकिन हाल में उसके पेट में काफी दर्द उठा, जिसकी मेडिकल जांच में पता लगा कि वो 2 महीने की प्रेग्नेंट है. इसके बाद पीड़िता ने पूरी घटना के बारे में घरवालों को बता दिया. पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है. आगे की जांच चल रही है.

Advertisement

पीड़ित छात्रा देवरिया के एक गांव की रहने वाली है. गांव के ही एक स्कूल में पढ़ने जाती है. नवंबर 2025 की एक सुबह वो रोज की तरह स्कूल गई थी. रिपोर्ट के मुताबिक लड़की ने बताया कि उस दिन क्लास का एक लड़का सभी बच्चों को प्रसाद कहकर लड्डू दे रहा था. इस दौरान क्लास में टीचर मौजूद नहीं थे. आखिरी लड्डू छात्रा को दिया गया. अब संदेह जताया गया है कि इस लड्डू में कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था जिसे खाने के बाद पीड़िता बेसुध होने लगी.

छात्रा की हालात देखते हुए एक क्लासमेट उसे अन्य आरोपी के घर ले गया जिसका घर स्कूल की बगल से जा रहे एक रास्ते से पड़ता है. आरोप है कि वहां एक से ज्यादा लोगों ने छात्रा का रेप किया. घटना में गांव का एक वयस्क भी शामिल था. दुष्कर्म के बाद छात्रा को धमकी दी गई. कहा गया कि उसने इसकी जानकारी किसी को दी, तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा.

इसी वजह से पीड़िता ने किसी को कुछ नहीं बताया. लेकिन बीते जनवरी महीने में एक दिन अचानक उसके पेट में काफी दर्द होने लगा. घरवालों ने उसका अल्ट्रासाउंड करवाया तब जाकर इस अपराध की कहानी सामने आई. 31 जनवरी को छात्रा की मां ने स्थानीय थाने में 4 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने FIR के आधार पर 2 फरवरी को दो आरोपी शुभम सैनी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

वीडियो: ‘मैं UP कैडर का IAS हूं…’ सारण DM से मिलने पहुंचे फेक IAS की कैसे खुली पोल?

Advertisement