पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेट के दिग्गज इमरान खान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी के साथ जेल में हो रहे अमानवीय व्यवहार की कड़ी निंदा की है (Imran Khan on inhumane treatment of wife). उन्होंने आरोप लगाया कि जज अपनी आत्मा बेच चुके हैं. इमरान ने कहा कि उनकी पत्नी को हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि उन्हें ब्लैकमेल किया जा सके. ये बयान उन्होंने ईद के मौके पर अपने बेटे कासिम खान से फोन पर बातचीत के दौरान दिया.
‘जजों ने अपनी आत्मा बेच दी’, इमरान खान ने पाकिस्तानी कोर्ट पर तीखा हमला बोला
Imran Khan का आरोप है कि सरकार और न्यायपालिका उन्हें दबाव में लाने के लिए परिवार और उनकी पत्नी को निशाना बना रही है.


न्यूज वेबसाइट द इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक इमरान खान ने कहा,
“इस देश के जजों को खुद पर शर्म आनी चाहिए. हम बार-बार ज्यूडिशियरी के पास गए, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत फायदे के लिए अपनी आत्मा बेच दी है. वो जानते हैं कि मुझे नहीं तोड़ सकते, इसलिए मेरी पत्नी बुशरा बीबी को निशाना बना रहे हैं. बुशरा के साथ ये अमानवीय सलूक कैसे हो सकता है, वो भी सिर्फ मुझे ब्लैकमेल करने के लिए?”
बुशरा बीबी की स्थिति पर भी इमरान खान ने विस्तार से बात की. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को पूरी तरह से अलग-थलग रखा गया है. वो 24 घंटे अकेले रहती हैं. उन्हें सिर्फ हफ्ते में एक बार 30 मिनट के लिए इमरान खान से मिलने की इजाजत है, वो भी अक्सर रद्द कर दी जाती है.
आंख की 85 प्रतिशत रोशनी गईइमरान खान अगस्त 2023 से अडियाला जेल में बंद हैं. उनके खिलाफ कई कानूनी मामले चल रहे हैं. हाल ही में उनकी आंख की गंभीर समस्या सामने आई. मार्च 2026 में इस्लामाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर मेडिकल बोर्ड ने उनकी जांच की और पुष्टि की कि उन्हें सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन (CRVO) नाम की बीमारी है. इस वजह से उनकी दाईं आंख की 85 प्रतिशत रोशनी चली गई है.
इसको लेकर 14 पूर्व क्रिकेटरों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को चिट्ठी लिखकर इमरान खान के साथ सम्मानजनक और मानवीय व्यवहार करने की अपील की थी. जिनमें सुनील गावस्कर और कपिल देव जैसे दिग्गज शामिल हैं.
इमरान खान की तीसरी पत्नी बुशरा बीबी भी विभिन्न मामलों में जेल में हैं. इमरान खान का आरोप है कि सरकार और न्यायपालिका उन्हें दबाव में लाने के लिए परिवार को निशाना बना रही है.
दूसरी ओर सरकार का कहना है कि इमरान खान की गिरफ्तारी और जेल पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है. लेकिन उनकी लंबी कैद और लगातार बिगड़ती सेहत ने इस बहस को और तेज कर दिया है कि क्या उनके साथ सही और निष्पक्ष व्यवहार हो रहा है. इस पूरे मामले ने पाकिस्तान की पहले से ही अस्थिर राजनीतिक स्थिति को और ज्यादा तनावपूर्ण बना दिया है.
वीडियो: कपिल देव, सुनील गावस्कर समेत कुल 14 कप्तानों ने इमरान खान के लिए की अपील, क्या लिखा?





















