पुलिस कस्टडी में एक महिला को उसके भाइयों ने गोली मार दी. महिला की हालात स्थिर बताई जा रही है. ये मामला सहारनपुर के थाना फतेहपुर स्थित रामखेड़ी गांव का है. पुलिस ने फरार आरोपी भाइयों की तलाश शुरू कर दी है.
युवक के साथ गई बहन पुलिस को मिली, भाइयों ने कस्टडी में घुसकर सिर में गोली मारी
Saharanpur woman shot in police custody: सहारनपुर में एक महिला कुछ दिन पहले अपने घर से एक शख्स के साथ चली गई थी. इस मामले में उसके छोटे भाई ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. पुलिस ने चार दिन के अंदर ही महिला को बरामद कर लिया.


इंडिया टुडे से जुड़े पत्रकार राहुल कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, 16 मार्च को पीड़िता (25 वर्षीय) एक शख्स के साथ कहीं चली गई थी. इस मामले में महिला के भाई ने गांव कंधेला के रहने वाले लवकुश और गोविंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तलाश शुरू की और चौथे दिन महिला को बरामद कर लिया.
सोमवार, 23 मार्च को नियमानुसार मेडिकल जांच कराने के लिए पीड़िता को फतेहपुर CHC (स्वास्थ्य केंद्र) लाया गया था. उसके साथ एक सब इंस्पेक्टर और एक महिला पुलिसकर्मी थी. इसी बीच दो युवक बाइक पर आते हैं और महिला के सिर पर गोली मार देते हैं. गोली लगते ही वो बेसुध होकर गिर पड़ती है, जिसके तुरंत बाद उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. मगर हालत गंभीर होने के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया.
SSP अभिनंदन ने बताया, “हमें सूचना मिली की महिला को उनके सगे भाई ने गोली मार दी है. सूचना पर हम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और वहां से महिला को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल में एडमिट कराया. 16 तारीख को यह महिला एक व्यक्ति (28 साल) के साथ चली गई थी. घरवालों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया. टीम का गठन किया गया. और आज (सोमवार) को महिला बरामद हुई.”
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया
“महिला को मेडिकल के लिए CHC फतेहपुर ले जाया गया था. वो गाड़ी में बैठी हुई थी, तभी महिला के दोनों सगे भाई रवि और मॉन्टी बाइक पर आकर उसे गोली मार देते हैं. जिससे महिला घायल हो गई. हमारे दोनों कांस्टेबल ने दोनों को पकड़ने की कोशिश की. लेकिन प्राथमिकता महिला का इलाज समय पर कराने की थी.”
SSP ने बताया कि घटना के बाद महिला को दिल्ली रोड के मेडिकल अस्पताल में लाया गया. महिला की स्थिति स्टेबल बताई जा रही है. बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है. दोनों भाइयों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है. जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.
वीडियो: अमेरिका ने ईरान पर हमले रोकने का ऐलान किया, ट्रंप ने क्या कंडीशन रखी?





















