एक गांव में एक व्यक्ति का कॉल आता है. फिर उस गांव की तीन महिलाएं अपने सिर के सारे बाल मुंडवा लेती हैं. वजह? उनसे कहा गया कि ऐसा करने पर सरकार उन्हें 15 हजार रुपये देगी और एक नई खतरनाक बीमारी से भी बचाएगी. इस वजह से गांव की तीन महिलाओं ने सिर मुंडवा लिया.
15 हजार रुपये मिलेंगे... 'तहसीलदार' का कॉल आया और महिलाओं ने मुंडवा लिया सिर
तमिलनाडु में एक कथित सरकारी स्कीम का लाभ उठाने के लिए तीन महिलाओं ने अपना सिर मुंडवा लिया. उन्हें बताया गया था कि ऐसा करने पर उन्हें 15 हज़ार रुपये मिलेंगे. इस ऑफर में लैपटॉप और अन्य सुविधाएं देने की भी बात कही गई थी.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला तमिलनाडु के सलेम जिले का है. यहां के पुथु कोथाम्पाडी गांव में 24 जुलाई की रात पलानीअम्मल नाम की महिला के पास फोन आया. सामने वाले ने कहा कि वो अत्तूर तहसील से तहसीलदार बोल रहे हैं. अब फोन करने वाले को महिला का नाम पता था. उनके फैमिली मेम्बर्स के नाम भी मालूम थे. इसलिए शक की गुंजाइश थोड़ी कम हो गई. फिर शुरू हुई कहानी.
कॉल करने वाले ने दावा किया कि कोरोना जैसी एक नई बीमारी फैल रही है, जो बालों के जरिए फैलती है. विदेशों में लोग इससे बचने के लिए सिर मुंडवा रहे हैं. तमिलनाडु सरकार भी सिर मुंडवाने वाली महिलाओं को 15 हजार रुपये देगी.
इस कथित स्कीम के फायदे यहीं खत्म नहीं होते. दावा किया गया कि स्कूल-कॉलेज की लड़कियों को 45 हजार रुपये और लैपटॉप मिलेंगे. पुरुषों को 6 हजार रुपये मिलेंगे. लेकिन ऑफर में एक ट्विस्ट था. गांव के लिए सिर्फ 18 टोकन हैं. और पैसे उसी को मिलेंगे, जो अधिकारियों के पहुंचने से पहले सिर मुंडवा चुका होगा.
ये भी पढ़ें: दोस्तों के सामने दाल में तड़का लगा रहा था, कमरे में खतरनाक आग लगा दी!
‘तहसीलदार’ का फोन स्विच ऑफइस कथित स्कीम की बात तेजी से गांव में फैल गई. करीब 20 लोग बाल मुंडवाने की तैयारी करने लगे. 56 साल की कावेरी, 58 साल की रामायी और 60 साल की चित्रा ने तो बाकायदा सिर मुंडवा भी लिया.
अब इंतजार था सरकारी अधिकारियों और पैसों का. दोपहर हुई. फिर शाम हुई. न अधिकारी आया, न सरकारी गाड़ी आई. न 15 हजार रुपये. फोन लगाया गया तो नंबर स्विच ऑफ. सही पकड़ा आपने. ये एक स्कैम कॉल था. बाद में लोगों को समझ आया कि सरकार की कोई ऐसी स्कीम थी ही नहीं. पूरा खेल एक ठग का था. अब पुलिस जांच करने में जुटी है.
वीडियो: सेहत: इस बीमारी में गुब्बारे की तरह फूल जाता है सिर










