देश के नामी व्लॉगर्स में शामिल सौरव जोशी के एक वीडियो ने E20 पेट्रोल पर फिर बहस छेड़ दी है. उन्होंने दावा किया कि E20 पेट्रोल की वजह से उनकी लग्जरी Mercedes-Benz SUV का माइलेज कुछ ही दिनों में कम हो गया. इतना ही नहीं, उन्होंने इंजन की हेल्थ को लेकर भी चिंता जताई. सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल हुआ तो मामला सीधे ‘मर्सिडीज बेंज इंडिया’ तक पहुंच गया. इसके बाद कंपनी को आधिकारिक तौर पर सफाई देनी पड़ी.
E20 पेट्रोल से घटा मर्सिडीज का माइलेज? व्लॉगर सौरव जोशी के दावे पर कंपनी ने दिया जवाब
व्लॉगर Sourav Joshi ने दावा किया कि E20 पेट्रोल की वजह से उनकी लग्जरी Mercedes-Benz SUV का माइलेज कुछ ही दिनों में कम हो गया. अब इस पर Mercedes-Benz India का रिएक्शन आया है. कंपनी ने क्या बताया?


उत्तराखंड के हल्द्वानी के रहने वाले यूट्यूबर सौरव जोशी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक व्लॉग शेयर किया. 4.1 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स वाले सौरव ने वीडियो में अपनी Mercedes-Benz SUV का डैशबोर्ड दिखाते हुए दावा किया कि सिर्फ 48 घंटे के भीतर कार की माइलेज में बड़ी गिरावट आई है. उनके मुताबिक, पहले कार करीब 17 किलोमीटर प्रति लीटर का एवरेज दिखा रही थी. इसके बाद ये घटकर 9 किलोमीटर प्रति लीटर पर पहुंच गया और बाद में केवल 5 किलोमीटर प्रति लीटर का एवरेज दिखाई देने लगा.
हालांकि, वीडियो से यह साफ नहीं हो पाया कि सौरव अपनी कार का ओवरऑल एवरेज माइलेज बता रहे थे या फिर रियल-टाइम फ्यूल इकोनॉमी, जो सड़क की कंडीशन, ट्रैफिक और ड्राइविंग स्टाइल के हिसाब से लगातार बदलती रहती है.
'E20 पेट्रोल जिम्मेदार'सौरव जोशी ने अपनी कार की गिरती माइलेज के लिए एथेनॉल मिक्स E20 पेट्रोल को जिम्मेदार ठहराया. उनका कहना था कि स्थानीय पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले फ्यूल की वजह से ये समस्या सामने आ रही है. वीडियो में उनके साथ उनकी पत्नी और कंटेंट क्रिएटर अवंतिका भट्ट ने भी चिंता जताते हुए कहा कि इतनी महंगी कार खरीदने के बावजूद अब उसकी स्थिति परेशान करने वाली लग रही है.
सौरव ने यह भी दावा किया कि पहले फुल टैंक कराने पर उनकी Mercedes करीब 800 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज दिखाती थी, लेकिन अब वही रेंज घटकर लगभग 480 किलोमीटर रह गई है. उन्होंने कहा कि अब पेट्रोल भरवाते समय भी उन्हें डर लगता है कि कहीं इससे इंजन को नुकसान न पहुंच जाए. सौरव ने यह भी बताया कि उनके पास Mercedes की इलेक्ट्रिक G-Wagon भी है, इसलिए उसमें एथेनॉल मिक्स पेट्रोल को लेकर कोई चिंता नहीं रहती.
सौरव जोशी का वीडियो सामने आने के बाद उसकी क्लिप ‘X’ और इंस्टाग्राम समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गई. कई लोगों ने उनके दावों का समर्थन किया, जबकि कुछ यूजर्स ने कहा कि केवल रियल-टाइम माइलेज के आधार पर किसी रिजल्ट पर पहुंचना सही नहीं होगा.
मर्सिडीज ने सफाई में क्या कहा?वीडियो वायरल होने के कुछ समय बाद ‘मर्सिडीज बेंज इंडिया’ ने अपने कस्टमर्स के लिए एक ऑफिशियल एडवाइजरी जारी की. हालांकि कंपनी ने अपने बयान में सौरव जोशी का नाम नहीं लिया, लेकिन E20 पेट्रोल को लेकर उठ रही चिंताओं पर अपना रुख स्पष्ट किया. कंपनी ने कहा,
“ग्राहकों की सुरक्षा, गाड़ियों की विश्वसनीयता और बेहतर प्रदर्शन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. Mercedes-Benz के सभी BS6 पेट्रोल वाहन E20 फ्यूल के साथ पूरी तरह कम्पैटिबल हैं और संबंधित सरकारी एजेंसियों से इसके लिए ज़रूरी सर्टिफिकेशन भी हासिल किया है."
ये भी पढ़ें: E20 पेट्रोल आपकी गाड़ी की माइलेज कितनी गिराएगा? हर सवाल का जवाब यहां है
कंपनी के मुताबिक, उसके सभी BS6 पेट्रोल व्हीकल मौजूदा E20 एथेनॉल मिक्स पेट्रोल पर चलने के लिए डिजाइन और टेस्ट किए गए हैं. ऐसे में ग्राहकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है.
वीडियो: सौरव जोशी व्लॉग में माफ़ी मांग बोले- ग़लतफ़हमी हुई, मेरा वो मतलब नहीं था!











