Uday Bhanu Chib Bail: इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को जमानत मिल गई है. भानु को AI Impact Summit में कपड़े उतारकर प्रदर्शन करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था. उनके वकील सुलेमान मोहम्मद खान के मुताबिक, ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने शनिवार, 28 फरवरी को उन्हें जमानत दी. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच भानु चिब को आगे भी हिरासत में रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट को कोई ठोस वजह नहीं बता सकी.
AI समिट: शर्ट उतारकर प्रदर्शन के मामले में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को जमानत
AI Impact Summit Uday Bhanu Chib: जमानत कुछ शर्तों के साथ दी गई है. उदय भानु चिब को अपना पासपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस कोर्ट में जमा करने होंगे. इसके अलावा, उन्हें कोर्ट के सामने 50,000 रुपये की जमानत भी देनी होगी.


इस मामले पर जानकारी देते हुए एडवोकेट सुलेमान खान कहते हैं,
हमने नेशनल प्रेसिडेंट उदय भानु चिब की जमानत के लिए अर्जी दाखिल की थी. ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने उदय भानु चिब को जमानत दे दी और बेल ऑर्डर में बताया है, जिसे हमने अभी पढ़ा है कि पुलिस क्राइम ब्रांच उदय भानु चिब की पुलिस कस्टडी रिमांड बढ़ाने की ठोस वजह नहीं बता पाई है.
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की पुलिस कस्टडी रिमांड बढ़ाने के लिए आवेदन दिया था. उन्होंने पुलिस कस्टडी रिमांड को सात दिन बढ़ाने की मांग की थी और साथ ही एक आरोपी की पांच दिन और दूसरे की दो दिन की रिमांड के लिए दो आवेदन भी दिए.
न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए खान ने यह भी कहा कि जमानत कुछ शर्तों के साथ दी गई है. उन्हें अपना पासपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस कोर्ट में जमा करने होंगे. इसके अलावा, उन्हें कोर्ट के सामने 50,000 रुपये की जमानत भी देनी होगी.
वकील रूपेश सिंह भदौरिया ने बताया कि भानु चिब चार दिनों से पुलिस हिरासत में हैं. उन्हें पहले शनिवार, सुबह 6 बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाना था, लेकिन सुनवाई इससे पहले ही रात 1:30 बजे हो गई.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, चिब भारत मंडपम में 20 फरवरी को हुए विरोध प्रदर्शन के मुख्य साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड हैं. पुलिस का दावा है कि वहां राष्ट्रविरोधी नारे लगाए गए और दंगा जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश की गई.
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक पुलिस ने दावा किया कि श्री कृष्ण हरि, कुंदन यादव, नरसिम्हा यादव, अजय कुमार यादव और अन्य लोगों के साथ मिलकर चिब ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को रोका और उन पर हमला किया.
20 फरवरी को एआई इम्पैक्ट समिट में कई लोग कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की तस्वीरों वाली टी-शर्ट्स पहनकर घुस आए. टी-शर्ट्स पर सरकार और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ नारे लिखे थे.
वीडियो: नेतानगरी: AI समिट में 'शर्टलेस' प्रोटेस्ट, कांग्रेस में ‘अपने’ ही बढ़ा रहे मुश्किलें?












.webp?width=275)






